Hindi News / Business / Featured

राज्य में 1,000 रोजगार मेलों का आयोजन : युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर देने के लिए वर्षभर चलेगा अभियान

Article Top Ad

मुंबई: राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग ने वर्ष 2026-27 के दौरान 1,000 रोजगार मेलों के आयोजन का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए विभागीय मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) ने कहा कि इन रोजगार मेलों की जानकारी हर जरूरतमंद युवा तक पहुंचाने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
राज्यस्तरीय समिति की बैठक आयोजित
मंत्रालय में मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय रोजगार मेला समिति की बैठक हुई। इसमें समिति के अध्यक्ष डॉ. रणजीत पाटिल (Dr. Ranjit Patil), सदस्य डॉ. सरोजिनी राऊत (Dr. Sarojini Raut), रविंद्र देशपांडे (Ravindra Deshpande), विशाल टिबरेवाल (Vishal Tibrewal), जयेश ढाके (Jayesh Dhake), राहुल खोले (Rahul Khole) तथा सदस्य सचिव एवं कौशल विकास, रोजगार व उद्यमिता आयुक्तालय के आयुक्त डॉ. अमित सैनी (Dr. Amit Saini) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दो सप्ताह का पूर्व प्रशिक्षण मिलेगा
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) ने कहा कि रोजगार मेलों का दायरा आईटीआई के साथ अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों, अपस्किलिंग की जरूरत वाले युवाओं और सामाजिक संस्थाओं तक बढ़ाया जाएगा। हर जिले और तहसील में इसकी जानकारी पहुंचाई जाएगी। रोजगार और स्वरोजगार के महत्व को समझाने के लिए विशेषज्ञों और स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से परामर्श भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले सप्ताह में व्यक्तित्व विकास, शिष्टाचार, बायोडाटा तैयार करना और संवाद कौशल पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरे सप्ताह में अभिरुचि परीक्षण के आधार पर बिजली, प्लंबिंग, रिसेप्शनिस्ट और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों का व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया जाएगा।
रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा (Mangal Prabhat Lodha) ने कहा कि केवल रोजगार मेले आयोजित करना पर्याप्त नहीं है। उम्मीदवारों को पहले से कौशल और रोजगार संबंधी प्रशिक्षण देना जरूरी है, ताकि चयन की संभावना बढ़ सके। उन्होंने संबंधित विभाग, क्षेत्रीय समन्वय समितियों और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक में आयुक्त डॉ. अमित सैनी (Dr. Amit Saini) ने रोजगार मेलों की विस्तृत योजना भी प्रस्तुत की।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad