प्यार के जाल में फंसाकर करोड़ों की ठगी
मुंबई : महाराष्ट्र में सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक बड़े ‘लव स्कैम’ का खुलासा हुआ है। डोंबिवली के मानपाड़ा पुलिस ने आदर्श म्हात्रे नामक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 100 से अधिक युवतियों को प्रेम और शादी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की। आरोपी के बैंक खाते में करीब 9 करोड़ रुपए मिलने से पूरे मामले ने सनसनी फैला दी है।
पुलिस के अनुसार पनवेल के तुराडे गांव निवासी आदर्श म्हात्रे सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स के माध्यम से युवतियों से संपर्क करता था। शुरुआत में वह मीठी बातें कर दोस्ती करता और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बनाकर सामने वाली महिला का विश्वास जीत लेता था। इसके बाद वह महिलाओं के नाम पर अलग-अलग बैंकों से लोन निकलवाकर उनसे बड़ी रकम ऐंठता था।
उच्चशिक्षित और प्रोफेशनल महिलाएं भी बनीं शिकार
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के जाल में फंसने वाली कई महिलाएं उच्चशिक्षित हैं और कॉर्पोरेट, फाइनेंस तथा अन्य पेशेवर क्षेत्रों में बड़े पदों पर कार्यरत हैं। अब तक 11 महिलाओं ने पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस को आशंका है कि आगे और भी पीड़ित महिलाएं सामने आ सकती हैं।
शादी का झांसा देकर करता था आर्थिक शोषण
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाओं को शादी का सपना दिखाता था। कुछ मामलों में महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप भी सामने आए हैं। इसके बाद वह अलग-अलग बहाने बनाकर उनके नाम पर लोन लेता और पैसे अपने कब्जे में कर लेता था। जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी ने देश ही नहीं बल्कि विदेश में रहने वाली महिलाओं को भी निशाना बनाया।
आलीशान जिंदगी जी रहा था आरोपी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आदर्श म्हात्रे ठगी के पैसों से बेहद लग्जरी लाइफस्टाइल जी रहा था। उसके पास मर्सिडीज जैसी महंगी कार है और वह अक्सर फाइव स्टार होटलों में ठहरता था। उसके बैंक खातों में भारी रकम के लेनदेन के सबूत भी मिले हैं।
नवी मुंबई के बाद डोंबिवली पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में पहले नवी मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की थी। बाद में डोंबिवली की एक युवती की शिकायत के आधार पर मानपाड़ा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी का बैंक अकाउंट सीज कर दिया है, जिसमें करीब 9 करोड़ रुपए जमा पाए गए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस को आने वाले दिनों में कई और चौंकाने वाले खुलासों की उम्मीद है।
