नई दिल्ली : मुंबई के बोरीवली विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय उपाध्याय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बोरीवली रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण समेत पश्चिम रेलवे से जुड़ी विभिन्न यात्री सुविधाओं और नई लोकल सेवाओं की मांग की। उन्होंने इन प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर कार्रवाई करने का अनुरोध किया, जिससे लाखों उपनगरीय यात्रियों को बेहतर और सुगम रेल सेवाएं मिल सकें।
विधायक संजय उपाध्याय ने रेल मंत्री को बताया कि बोरीवली रेलवे स्टेशन मुंबई के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन लगभग 4.5 लाख यात्री सफर करते हैं। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण और पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में इस परियोजना की प्रक्रिया को तेज कर जल्द काम शुरू किया जाना चाहिए।
एसी लोकल और नई ट्रेनों की मांग
उपाध्याय ने बोरीवली से चर्चगेट के बीच एसी लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन सेवाओं का विस्तार जरूरी है। इसके अलावा दहाणू रोड, विरार और बोरीवली के बीच चल रही मेमू सेवाओं की जगह नए आधुनिक रैक वाली एसी और नॉन एसी लोकल ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा मेमू ट्रेनों में साफ-सफाई, प्रकाश और वेंटिलेशन की समस्याएं हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है।
नवी मुंबई से कल्याण के लिए सीधी कनेक्टिविटी का प्रस्ताव
विधायक ने पश्चिमी उपनगरों से नवी मुंबई जाने वाले व्यापारियों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अंधेरी से बेलापुर तथा बोरीवली से बेलापुर के बीच एसी एवं नॉन एसी लोकल सेवाएं शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यात्रियों को कई स्थानों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है। इसके साथ ही पश्चिमी उपनगर के यात्रियों को कल्याण पहुंचने के लिए दादर में लोकल बदलने की समस्या का उल्लेख करते हुए बोरीवली से वसई-दिवा मार्ग के जरिए कल्याण तक सीधी लोकल सेवा शुरू करने की मांग भी की।
विले पार्ले स्टेशन पर एस्केलेटर के लिए जताया आभार
संजय उपाध्याय ने बताया कि विले पार्ले रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने की मांग उन्होंने पूर्व में रेल मंत्री के समक्ष रखी थी, जिस पर कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
