MLA सत्यजीत तांबे ने की जांच और कार्रवाई की मांग
मुंबई: मुंबई विश्वविद्यालय (MUMBAI UNIVERSITY) की तीन वर्षीय एलएलबी अंतिम वर्ष (LLB EXAM) की परीक्षा में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पूरा उत्तर पत्र लिखने के बावजूद 29 विद्यार्थियों को शून्य अंक दे दिए गए। पुनर्मूल्यांकन के बाद यही छात्र अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए। इस मामले को लेकर विधायक सत्यजीत तांबे (MLA SATYJEET TAMBE) ने जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुनर्मूल्यांकन में सामने आई बड़ी लापरवाही
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद 29 विद्यार्थियों ने उत्तर पत्रिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को अच्छे अंक मिले और वे पास हो गए। इससे उत्तर पत्रिका जांच में गंभीर लापरवाही उजागर हुई।
तांबे ने उठाए व्यवस्था पर सवाल
विधायक सत्यजीत तांबे (Satyajeet Tambe) ने कहा, “विद्यार्थियों की उत्तर पत्रिकाएं जांचिए, उनके भविष्य की परीक्षा मत लीजिए। यदि शून्य अंक देने ही हैं, तो ऐसी लापरवाह व्यवस्था को दीजिए।” उन्होंने कहा कि हर छात्र के पास पुनर्मूल्यांकन के लिए समय, पैसे और मानसिक क्षमता नहीं होती। ऐसे में गलत परिणाम से हुए नुकसान की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उच्चस्तरीय जांच और सुधार की मांग
तांबे ने कहा कि हाल के दिनों में पेपर लीक, परीक्षा प्रबंधन में गड़बड़ी, परिणामों में त्रुटियां और अब उत्तर पत्रिका जांच में लापरवाही ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों और परीक्षकों पर सख्त कार्रवाई तथा उत्तर पत्रिका जांच प्रक्रिया का स्वतंत्र और पारदर्शी ऑडिट कराने की मांग की।

हाईलाइट्स
– 29 विद्यार्थियों को पूरा पेपर लिखने के बावजूद मिले शून्य अंक।
– पुनर्मूल्यांकन के बाद सभी छात्र अच्छे अंकों से हुए उत्तीर्ण।
– सत्यजीत तांबे ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
– उत्तर पत्रिका जांच प्रक्रिया के स्वतंत्र ऑडिट की भी उठाई मांग।
