करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का हुआ खुलासा
मुंबई. मुंबई पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने फर्जी APK फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर ऑनलाइन वित्तीय ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देशभर में हजारों लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। इसी कारण यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
महानगर गैस के नाम पर भेजा गया फर्जी संदेश
पुलिस के अनुसार, एक शिकायतकर्ता को महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के नाम से फर्जी संदेश भेजा गया था। इसमें “MGL GAS UNBLOCK FILE.apk” नामक फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए कहा गया। फाइल इंस्टॉल करते ही मोबाइल का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में चला गया और पीड़ित के बैंक संबंधी डेटा का दुरुपयोग कर 2.35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। इस मामले में मुंबई के पश्चिम साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
तीन राज्यों से छह आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने झारखंड, बिहार और दिल्ली में छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी APK फाइल विकसित करने, उसका वितरण करने और लोगों को भेजकर ठगी करने का काम करते थे।
बड़ी मात्रा में डिजिटल सबूत बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 11 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है। जांच के दौरान आरटीओ, महानगर गैस और अन्य संस्थाओं के नाम पर बनाई गई 111 फर्जी APK फाइलें मिलीं। इसके अलावा व्हाट्सऐप और टेलीग्राम समूहों, टेलीग्राम बॉट, सर्वर लॉगिन क्रेडेंशियल्स तथा फाइल बिक्री से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए।
1.24 करोड़ SMS और हजारों पीड़ितों का डेटा मिला
जांच में पता चला कि APK इंस्टॉल करने के बाद पीड़ितों के मोबाइल से संदेश साइबर अपराधियों के सर्वर पर भेजे जा रहे थे। पुलिस को लगभग 1.24 करोड़ SMS रिकॉर्ड मिले हैं। साथ ही 8,609 मोबाइल नंबर और उनसे जुड़ी संवेदनशील जानकारी, जैसे बैंक खाता नंबर, एटीएम विवरण, पिन, सीवीवी और यूपीआई आईडी भी बरामद हुई है।
देशभर में 43 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी
एनसीसीआरपी पोर्टल और जब्त डेटा के विश्लेषण में इस गिरोह की संलिप्तता देशभर की 3,206 शिकायतों में सामने आई है। इन मामलों में कुल 43.25 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी हुई है। इनमें महाराष्ट्र की 517 और मुंबई की 93 शिकायतें शामिल हैं। पुलिस ने अन्य राज्यों की एजेंसियों को भी आवश्यक जानकारी भेज दी है।
नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा सलाह
मुंबई साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK या ZIP फाइल डाउनलोड न करें। ओटीपी, एटीएम पिन और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

