मुंबई : शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन ने करीब साढ़े चार करोड़ रुपये मूल्य के सोने की हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल के एक ज्वेलरी कारीगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 3 किलो सोना लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच, ‘रैपिडो’ बुकिंग और फ्लाइट यात्रा के सुरागों के आधार पर आरोपी को उसके गांव से पकड़ लिया।
व्यापारियों का करीब 3 किलो सोना लेकर हुआ फरार
पुलिस के अनुसार प्रभादेवी निवासी संजय मगराज जैन और दो अन्य व्यापारियों ने आरोपी तन्मय लालमोहन मैती को आभूषण तैयार करने के लिए कुल 2,959.03 ग्राम सोना सौंपा था। इस सोने की कीमत लगभग 4 करोड़ 51 लाख 85 हजार 333 रुपये बताई गई है। आरोपी दादर पश्चिम के पाटीलवाड़ी इलाके में ज्वेलरी निर्माण का वर्कशॉप चलाता था। बताया गया कि 14 से 15 मई के बीच आरोपी ने व्यापारियों का पूरा सोना अपने पास इकट्ठा किया, वर्कशॉप बंद किया और अचानक फरार हो गया। जब व्यापारियों को धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
फ्लाइट से पहुंचा गांव
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद पवार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के वर्कशॉप में काम करने वाले एक कर्मचारी से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। कर्मचारी ने बताया कि आरोपी ने ठाणे जिले के दिवा स्थित अपने घर जाने के लिए ‘रैपिडो’ कार बुक की थी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता से उस कार और उसके चालक का पता लगाया। साथ ही मुंबई में रहने वाले आरोपी के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी फ्लाइट से पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैतृक गांव भाग गया है। जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस की एक टीम तत्काल पश्चिम बंगाल रवाना हुई। तकनीकी इनपुट के आधार पर हुगली जिले के एक ग्रामीण इलाके में जाल बिछाया गया, जहां से आरोपी तन्मय लालमोहन मैती को हिरासत में लिया गया। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
