पति ने रचा था हार्ट अटैक का ड्रामा
मुंबई : महाराष्ट्र के बदलापुर में अवैध संबंधों के संदेह में एक पति द्वारा अपनी पत्नी की नाक-मुंह दबाकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी पति ने पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत की वजह हार्ट अटैक आने का झूठा नाटक रचा था. हालांकि, मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति और उसकी मां (सास) को गिरफ्तार कर लिया है.
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और तलाक का दबाव
पुलिस जांच के अनुसार, मृतका की पहचान प्राजक्ता मेहेर के रूप में हुई है. प्राजक्ता की शादी साल 2010 में बदलापुर के एरंजाड गांव के रहने वाले योगेश मेहेर के साथ हुई थी. इस शादी से उनके दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र 15 और 11 साल है. पिछले कुछ समय से योगेश का गांव की ही एक अन्य महिला प्रमिला मेहेर (काल्पनिक नाम) के साथ प्रेम संबंध शुरू हो गया था. इसी अवैध संबंध के कारण योगेश अपनी पत्नी प्राजक्ता पर तलाक देने का लगातार दबाव बना रहा था और उसे प्रताड़ित कर रहा था.
पैसों की ऑफर और हत्या की साजिश
प्राजक्ता ने अपने हंसते-खेलते परिवार को बचाने के लिए तलाक देने से साफ इनकार कर दिया था. इसके बाद योगेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. प्राजक्ता के पिता का आरोप है कि 14 मार्च 2026 को योगेश ने उन्हें बुलाकर कहा था कि जितने चाहे उतने पैसे ले लो और अपनी बेटी को यहां से ले जाओ. इस घटना के बाद 8 अप्रैल को योगेश और प्राजक्ता के बीच एक बार फिर भारी विवाद हुआ. इसी झगड़े के दौरान योगेश ने प्राजक्ता की नाक और मुंह दबाकर उसकी जान ले ली.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला राज
हत्याकांड को अंजाम देने के अगले दिन यानी 9 अप्रैल को योगेश ने प्राजक्ता के मायके वालों को फोन कर बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है. शुरुआत में पुलिस ने भी इसे अचानक हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया था. लेकिन मायके वालों को योगेश पर शक था, जिसके चलते उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम मुंबई के जेजे हॉस्पिटल में करवाया. 23 जून को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने आरोपी पति की पोल खोल दी, जिसमें साफ हुआ कि प्राजक्ता की मौत दिल का दौरा पड़ने से नहीं बल्कि दम घुटने (नाक-मुंह दबाने) के कारण हुई थी.
आरोपी पति और सास गिरफ्तार
इस चौंकाने वाली रिपोर्ट के सामने आते ही बदलापुर पश्चिम पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति योगेश मेहेर और उसकी मां अरुणा मेहेर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. मृतका के परिवार ने इस अपराध में योगेश की प्रेमिका पूजा मेहेर और उसकी बहनों को भी शामिल करने की मांग की है. सहायक पुलिस आयुक्त शैलेश काले ने बताया कि पुलिस इस मामले में तेजी से सबूत जुटा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version