मुंबई : माटुंगा के डॉन बॉस्को क्षेत्र में फुटबॉल क्लास से बच्चों को लेने पहुंची एक महिला की सूझबूझ और बहादुरी से लूट की एक गंभीर कोशिश नाकाम हो गई. घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है, जब महिला अपनी कार में बैठ रही थी. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति कार का पिछला दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया और बच्चों को चाकू दिखाकर पैसे की मांग करने लगा.
महिला की हिम्मत से भागा आरोपी
डीसीपी देशमाने ने बताया कि आरोपी ने महिला को चुप रहने और शोर न मचाने की धमकी दी. हालांकि महिला ने डरने के बजाय जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और आरोपी का सामना किया. महिला के साहस से घबराकर आरोपी कार से बाहर निकलकर भागने लगा.
लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. तलाशी के दौरान उसके पास से दो चाकू बरामद हुए.
माटुंगा पुलिस ने किया गिरफ्तार
माटुंगा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ लूट के प्रयास और गलत तरीके से रोकने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version