पैसे लेकर कर देते हैं ब्लॉक
मुंबई : सोशल मीडिया पर ‘बॉयफ्रेंड ऑन रेंट’ के नाम से चल रहा डेटिंग स्कैम महिलाओं और युवतियों के लिए आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सुरक्षा का भी गंभीर खतरा बन गया है। साइबर अपराधी आकर्षक युवकों की AI से बनाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर ‘मूवी डेट’, ‘कॉफी मीटिंग’, शॉपिंग और इवेंट के लिए बॉयफ्रेंड उपलब्ध कराने का दावा करते हैं। कम पैसे में बॉयफ्रेंड उपलब्ध कराने का झांसा देकर पहले बुकिंग, सिक्योरिटी डिपॉजिट या एडवांस के नाम पर रकम ली जाती है और पैसे मिलते ही पीड़ित महिला का मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिया जाता है।
सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी Instagram, Facebook और Telegram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक पोस्टर और प्रोफाइल बनाकर युवतियों और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। इन पोस्ट में कम कीमत में डेटिंग पार्टनर उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है। पोस्ट में इस्तेमाल की जाने वाली तस्वीरें कई बार AI से तैयार की गई होती हैं, ताकि प्रोफाइल वास्तविक लगे।
QR कोड से वसूली
महिला या युवती के संपर्क करने के बाद आरोपी उससे बुकिंग या सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर पैसे मांगते हैं। इसके लिए QR कोड या अन्य ऑनलाइन भुगतान माध्यम भेजा जाता है। जैसे ही रकम ट्रांसफर होती है, आरोपी संपर्क तोड़ देते हैं और पीड़ित का नंबर तथा अकाउंट ब्लॉक कर देते हैं।
ब्लैकमेलिंग का भी खतरा
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यह मामला केवल ऑनलाइन ठगी तक सीमित नहीं है। साइबर अपराधी महिलाओं से निजी तस्वीरें, मोबाइल नंबर, लोकेशन और अन्य व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर बाद में ब्लैकमेलिंग या साइबर एक्सटॉर्शन कर सकते हैं। इससे महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
पुलिस की एडवाइजरी
पुलिस ने महिलाओं और युवतियों से सोशल मीडिया पर अनजान और संदिग्ध प्रोफाइल से सावधान रहने की अपील की है। इंटरनेट पर मिले किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी तस्वीरें, लोकेशन या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया है। साथ ही, सोशल मीडिया पर मिले किसी अनजान व्यक्ति से अकेले मिलने से भी बचने की सलाह दी गई है।
ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
साइबर अपराध का शिकार होने या ब्लैकमेलिंग की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई है। पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों और युवाओं की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया है, ताकि वे इस तरह के साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version