प्रोजेक्ट मरीना’ से मुंबई को मिल सकती है विश्वस्तरीय समुद्री पर्यटन और परिवहन सुविधा
मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी और विश्व के प्रमुख महानगरों में शुमार मुंबई में पहले से ही दो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होने के बावजूद अब शहर के समुद्र से भी सी-प्लेन उड़ान भरते दिखाई दे सकते हैं। नरीमन पॉइंट पर प्रस्तावित ‘प्रोजेक्ट मरीना’ के तहत सी-प्लेन संचालन, नौकाओं के लिए आधुनिक मरीना और समुद्र में तैरते 7-स्टार होटल जैसी कई विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने की योजना बनाई गई है।
पर्यावरण मंजूरी के लिए केंद्र को भेजा गया प्रस्ताव
महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण ने नरीमन पॉइंट पर प्रस्तावित मरीना परियोजना के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय को मंजूरी का प्रस्ताव भेजा है। इस परियोजना के लिए समुद्र में लगभग 35 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में भूमि पुनर्भरण (रीक्लेमेशन) किया जाएगा, जिसके लिए केंद्रीय पर्यावरण स्वीकृति आवश्यक है.
क्या है ‘प्रोजेक्ट मरीना’?
मुंबई पोर्ट प्राधिकरण (एमबीपीए) पहले ही पूर्वी तट पर मरीना परियोजना पर काम आगे बढ़ा चुका है। इसी अवधारणा पर अब नरीमन पॉइंट स्थित एनसीपीए के सामने समुद्र में नया मरीना विकसित किया जाएगा। यहां 80 नौकाओं और यॉट के पार्किंग की सुविधा होगी। इसी क्षेत्र में सी-प्लेन के उतरने और उड़ान भरने की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना से जुड़े रश्मी डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक राज बाबू प्रधान के अनुसार, सी-प्लेन का उपयोग केवल समुद्र में बनने वाले तैरते होटल तक पहुंचने के लिए ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के अन्य पर्यटन स्थलों और सी-प्लेन संचालन वाले गंतव्यों तक यात्रा के लिए भी किया जा सकेगा।
आठ मंजिला इमारत में ठहरेंगे पर्यटक और समुद्री कर्मचारी
मरीना परियोजना के तहत विदेशी पर्यटकों, जहाजों पर काम करने वाले कर्मचारियों (सीफेयरर्स) और व्यावसायिक यात्रियों के लिए एक से तीन बीएचके तक के आवासीय कमरों वाली आठ मंजिला आधुनिक इमारत बनाई जाएगी। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने दिसंबर 2025 में 887 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी।
समुद्र में बनेगा 530 कमरों वाला तैरता 7-स्टार होटल
नरीमन पॉइंट से लगभग दो नॉटिकल मील दूर समुद्र में एक तैरता 7-स्टार होटल विकसित किया जाएगा। इस होटल में 530 कमरे होंगे, जबकि 1,530 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक थिएटर भी बनाया जाएगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से बदलेगी समुद्री पर्यटन की तस्वीर
प्रस्तावित मरीना में नौकाओं और यॉट के लिए विशेष बंदरगाह, 80 यॉट पार्किंग, रेस्तरां, कैफे, होटल, बैंक्वेट हॉल, एग्जीक्यूटिव क्लब, यॉट क्लब, हेलिपैड, प्रदर्शनी क्षेत्र, आर्ट गैलरी, शॉपिंग सेंटर और प्रीमियम रिटेल स्टोर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के पूरा होने पर मुंबई को वैश्विक स्तर के समुद्री पर्यटन और लग्जरी ट्रैवल हब के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
