मुंबई: ICC अंडर-19 विश्व कप 2026 के सुपर-6 स्टेज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 253 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था. लेकिन एडी चोटी का जोर लगाने के बाद भी पूरी पाकिस्तानी टीम उस लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। 46.2 ओवरों में सभी पाकिस्तानी बल्लेबाज आउट हो कर पैवेलियन लौट गए। पारी के अंत में पाकिस्तान का स्कोर 194 रन था। इस तरह से भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
इस अहम मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 47 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए थे. वैभव सूर्यवंशी, कप्तान आयुष म्हात्रे और आरोन जॉर्ज जल्दी पवेलियन लौट गए. धड़ाधड़ गिरते विकेट देखकर लग रहा था कि स्कोर 200 भी नहीं क्रॉस कर पाएगा, लेकिन वेदांत त्रिवेदी की 68 रनों की संयमित पारी ने टीम को संभाला। वहीं आखिरी ओवरों में कनिष्क चौहान (29 गेंदों में 35 रन) और खिलन पटेल (15 गेंदों में 21 रन) की तेज बल्लेबाजी ने स्कोर 252 तक पहुंचाया।
दबाव नहीं झेल पाए पाकिस्तानी
बता दें कि टूर्नामेंट में पहले ही 3 टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। रविवार को भारत भी पाकिस्तान को पीट कर चौथा सेमीफाइनलिस्ट बन गया। पाकिस्तान के लिए करो या मरो वाले इस मैच जीत भी उसे सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए काफी नहीं था। पाक को सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए 253 रन का लक्ष्य 33.3 ओवर में ही हासिल करना था। इतना ही नहीं, बल्कि नए फार्मूले के तहत उसे 34.2 ओवर तक भारत के स्कोर की बराबरी करने के बाद अगली गेंद पर छक्का मारकर मैच फिनिश करना था. तभी वह रन रेट और पॉइंट टेबल के मामले में भारत से ऊपर जा सकता था. रन रेट और बाउंड्री के खेल के इस दबाव को पाकिस्तानी टीम झेल नहीं पाई.

ऐसा रहा टीम इंडिया का प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी (22 गेंदों में 30 रन) ने पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सय्याम के खिलाफ जीवनदान मिलने के बावजूद वह लगातार दूसरी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए।
कप्तान आयुष म्हात्रे (0) का युवा वनडे में खराब दौर जारी रहा और वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज (16) को लंबे कद के तेज गेंदबाज सुभान ने चलता किया। सुभान ने अपने कद का फायदा उठाते हुए असहज उछाल हासिल कर बल्लेबाजों को परेशान किया। विहान मल्होत्रा (21) ने 47 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद वेदांत के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला। हालांकि पिच की धीमी गति के कारण शॉट खेलना मुश्किल रहा और वेदांत समेत शीर्ष क्रम का कोई भी बल्लेबाज रन गति नहीं बढ़ा सका। दाएं हाथ के बल्लेबाज वेदांत ने 98 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन बाएं हाथ के कलाई स्पिनर मोमिन कमर की फुल-टॉस गेंद पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। खिलान और कनिष्क ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया।
ऐसा होगा सेमी फाइनल कार्यक्रम
3 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड
4 फरवरी को टीम इंडिया के भिड़ेगा अफगानिस्तान
6 फरवरीः फाइनल मुकाबला
