मुंबई : अंधेरी स्थित शेर-ए-पंजाब नगर में शिवसेना की ओर से आयोजित ‘लाडली बहनों के सम्मान समारोह’ और विद्यार्थियों के गुणगौरव कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता की कुर्सी हासिल करना नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में जगह बनाना है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों से संवाद भी किया।
कोई बहन वंचित नहीं रहेगी
एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सम्मानित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “कोई भी ताकत आ जाए, मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना कभी बंद नहीं होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी रहेगी, लेकिन एक भी पात्र महिला योजना के लाभ और नेग से वंचित नहीं रहेगी।

महिलाओं के समर्थन से बना इतिहास
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में महायुति को 232 सीटों की ऐतिहासिक जीत दिलाने में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने मुरजी पटेल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने 25 हजार महिलाओं के बचत समूहों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया है। शिंदे ने कहा कि रक्षाबंधन अभी दूर है, लेकिन मुरजी पटेल ने लाडली बहनों को सम्मान देकर पहले ही रक्षा बंधन की नेग दे दी है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई फैसले ले रही है। एसटी बसों में महिलाओं को 50 प्रतिशत किराया छूट दी गई है, बेटियों की उच्च शिक्षा मुफ्त की गई है और नाम के साथ मां का नाम जोड़ने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महिलाओं को आत्मसम्मान दिलाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और लैपटॉप वितरण
कार्यक्रम में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए लैपटॉप भी वितरित किए गए। शिंदे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनके जीवन की पहली सीढ़ी है और उन्हें आगे और ऊंचाइयां हासिल करनी हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर राज्य और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
मुरजी पटेल को बताया ‘शिवसेना का सुपरस्टार’
उपमुख्यमंत्री ने मुरजी पटेल की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे आम लोगों की समस्याओं पर तुरंत मदद के लिए आगे आते हैं। गरीब विद्यार्थियों की फीस, शैक्षणिक सामग्री और अन्य जरूरतों में वे हमेशा सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह अभिनेता राजेश खन्ना को लोग प्यार से ‘काका’ कहते थे, उसी तरह मुरजी पटेल भी लोगों के बीच ‘काका’ के नाम से लोकप्रिय हैं और वे शिवसेना के सुपरस्टार हैं।
अंधेरी के विकास कार्यों का किया उल्लेख
शिंदे ने कहा कि मुरजी पटेल के प्रयासों से क्षेत्र में 12 बुद्ध विहार बनाए गए हैं, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर संविधान ग्रंथालय का निर्माण हो रहा है और कई उद्यान विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो के सात स्टेशन इस क्षेत्र में हैं और अंधेरी को ट्रैफिक जाम से मुक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
महाराष्ट्र निवेश और विकास में नंबर वन
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र आज विदेशी निवेश, स्टार्टअप और विकास के क्षेत्र में देश में नंबर वन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “स्थगिती नहीं, प्रगति सरकार” है। मुंबई में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, कंक्रीट सड़कें और ‘बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’ जैसी योजनाएं इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने बताया कि अंधेरी क्षेत्र में आठ ‘आपला दवाखाना’ शुरू किए जा चुके हैं।

ईंधन बचत और राष्ट्रहित पर दिया संदेश
देश और दुनिया की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा कि वैश्विक तनाव के कारण भविष्य में ईंधन संकट की संभावना बन सकती है। ऐसे समय में ईंधन की बचत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बनाई गई नियमावली राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और सभी नागरिकों को इसमें सहयोग करना चाहिए।
संगठन मजबूत करने का आह्वान
एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना राज्यभर में तेजी से आगे बढ़ रही है और विभिन्न चुनावों में पार्टी मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर नजर रखने, घुसपैठ रोकने और संगठन विस्तार के लिए सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मंत्री उदय सामंत, सांसद रविंद्र वायकर, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम, विधायक मुरजी पटेल सहित बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

