मुंबई. मुंबई पुलिस के जोन १० (परिमंडल १०) ने एक सराहनीय कार्य करते हुए चोरी, धोखाधड़ी और गुमशुदा मामलों में बरामद किया गया २.९० करोड़ रुपए से अधिक का माल उनके असली मालिकों को सौंप दिया है। अंधेरी के सेवेन हिल्स अस्पताल में आयोजित एक विशेष ‘मुद्देमाल हस्तांतरण’ कार्यक्रम के दौरान ४९० शिकायतकर्ताओं को उनका सामान सम्मानपूर्वक वापस किया गया।
पुलिस के अनुसार, जोन १० के अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों (अंधेरी, एमआईडीसी, मेघवाडी, जोगेश्वरी, साकीनाका और पवई) ने कड़ी मेहनत कर यह सफलता हासिल की है। बरामद किए गए सामानों की कुल कीमत २,९०,९४,००० रुपए है। अपना कीमती सामान वापस पाकर कई नागरिक भावुक हो गए और उन्होंने मुंबई पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की जमकर प्रशंसा की।
बरामद किए गए सामान का विवरण
पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों में सामान बरामद कर नागरिकों को लौटाया है, जिसका विवरण नीचे दिया गया है:
सोना, चांदी और हीरे: ३५१.५ ग्राम सोना, १३.७७० किलोग्राम चांदी और ०.६० कैरेट के २७ हीरे (कुल १५ मामले)।
नकद राशि: ४२.७६ लाख रुपए (८ मामले)।
वाहन: ९ दुपहिया, ११ तिपहिया और १ चार पहिया वाहन।
मोबाइल फोन: ४४२ मोबाइल फोन (लगभग ९९.६० लाख रुपए मूल्य)।
साइबर धोखाधड़ी: १२.५० लाख रुपए की राशि रिकवर की गई।
अन्य: ३ इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं।

इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह सफल अभियान मुंबई पुलिस आयुक्त श्री देवेन भारती, सह-आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री सत्यनारायण और अपर पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) श्री परमजित सिंह दहिया के मार्गदर्शन में चलाया गया। इस पूरे ऑपरेशन का जमीनी स्तर पर नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (जोन १०) श्री दत्ता नलावडे ने किया। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त श्री गजानन पवार, श्री संपतराव पाटिल, श्री प्रदीप मैराले और अंधेरी, एमआईडीसी, मेघवाडी, जोगेश्वरी, साकीनाका व पवई थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों और उनकी टीमों ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

