सतर्क महिलाओं के कारण बड़ी साजिश हुई फेल
मुंबई : दक्षिण मुंबई के भायखला क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान कथित तौर पर ‘हर मर्ज़ की दवा’ बताकर जहरीले कैप्सूल बांटने की कोशिश का मामला सामने आया। दो महिला स्वयंसेवकों इहलाम हमीदी और रुखसार सैयद की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया और पुलिस के अनुसार संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
26 जून 2026 को अंजीरवाड़ी से रहमत बाग कब्रिस्तान तक निकले मोहर्रम जुलूस में करीब 30 हजार लोग शामिल थे। स्वयंसेवक के रूप में ड्यूटी कर रहीं इहलाम हमीदी और रुखसार सैयद ने देखा कि एक व्यक्ति बड़ी संख्या में कैप्सूल बांट रहा है। कैप्सूल के पैकेट पर स्पष्ट जानकारी नहीं थी, जिससे दोनों महिलाओं को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी को रोककर पुलिस को सूचना दी।
नियाज-ए-हुसेन’ बोल कर ले रहे थे लोग
आरोपी कथित रूप से कैप्सूल को ‘हर मर्ज़ की दवा’ और ‘नियाज-ए-हुसेन’ बताकर लोगों में बांट रहा था। श्रद्धालु इसे प्रसाद समझकर ले रहे थे।
फेंक कर बांटने से हुआ शक
इहलाम हमीदी ने बताया कि कैप्सूल तबर्रुक की तरह न देकर फेंक-फेंक कर बांटे जा रहे थे। इसी असामान्य तरीके और पैकेट पर स्पष्ट जानकारी न होने से उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।

14,900 कैप्सूल जब्त, जांच जारी
पुलिस ने पुणे निवासी 39 वर्षीय फैयाज निसार प्रेमजी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 14,900 कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इनमें जिंक फॉस्फाइड नामक जहरीला रसायन मिला है। कैप्सूल रासायनिक जांच के लिए भेजे गए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
चार लोगों की तबीयत बिगड़ी
हालांकि, इहलाम और रुखसार की सतर्कता से पुलिस ने आरोपी को समय रहते हिरासत में ले लिया था और समय रहते लोगों को कैप्सूल का सेवन नहीं करने की सूचना देने का प्रयास भी किया गया था। फिर भी कुछ लोग कैप्सूल लेकर वहां से पहले ही निकल गए थे। पुलिस के अनुसार, ऐसे ही चार लोगों ने कैप्सूल का सेवन किया था, जिसके बाद उन्हें उल्टी और अस्वस्थता की शिकायत हुई। सभी का अस्पताल में इलाज किया गया और उनकी हालत अब स्थिर बताई गई है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह कृत्य अकेले किया या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस ने दोनों महिला स्वयंसेवकों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version