मुंबई: अंधेरी पूर्व स्थित चकाला इलाके में नाबालिग लड़की को देह व्यापार के लिए मजबूर करने के मामले में अदालत ने दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। यह कार्रवाई एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की जांच के बाद संभव हुई।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि चकाला स्थित कनकिया एसआरए प्रकल्प की एक इमारत में एक महिला अपने घर से देह व्यापार का धंधा चला रही है और नाबालिग लड़कियों को ग्राहकों के पास भेजा जा रहा है।
पुलिस की छापामारी में खुलासा
30 मई 2023 को शाम करीब 4:50 बजे एमआईडीसी पुलिस की टीम ने रूम नंबर 404/बी, कनकिया एसआरए प्रकल्प, चकाला में छापा मारा। जांच के दौरान सामने आया कि रेणू गणेश मिश्रा अपने घर में देह व्यापार का संचालन कर रही थी और आर्थिक लाभ के लिए नाबालिग लड़की को ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रही थी। छापे के दौरान यह भी सामने आया कि विनय फत्तेबहादुर पाठक नाम का व्यक्ति ग्राहक के रूप में वहां आया था और उसने नाबालिग पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस मामले में एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 348/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 370(3) के साथ ही पिटा एक्ट की धारा 3, 4, 5, 7 और पोक्सो कानून की धारा 4 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ठोस सबूत इकट्ठा किए और अदालत में दोषारोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया।
कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा
इस मामले की सुनवाई दिंडोशी स्थित सत्र न्यायालय (कोर्ट क्रमांक 13) में चल रही थी। सुनवाई के बाद 27 फरवरी 2026 को अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई। कोर्ट ने विनय फत्तेबहादुर पाठक को 10 वर्ष की सश्रम कैद और 20 हजार रुपए जुर्माना तथा रेणू गणेश मिश्रा को 7 वर्ष की सश्रम कैद और 1 हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में की गई। इसमें सह पुलिस आयुक्त सत्यनारायण, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजित सिंह दहिया, डीसीपी दत्ता नलावडे और एसीपी गजानन पवार का मार्गदर्शन रहा। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र वाणी की देखरेख में जांच अधिकारी पीएसआई गायकवाड, पुलिस निरीक्षक दीपक सुर्वे, तुकाराम कोयंडे, अपराध शाखा के महेश गुख, तथा अन्य पुलिस कर्मचारियों ने इस मामले की जांच सफलतापूर्वक पूरी की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version