लागू हुई चुनावी आचार संहिता
मुंबई। राज्य में पिछले लगभग साढ़े तीन साल से भी अधिक समय से लंबित मुंबई बीएमसी सहित 29 महानगरपालिकाओं के चुनावों का बिगुल आखिरकार बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को मुंबई महानगरपालिका सहित राज्य की सभी महानगरपालिकाओं के चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही चुनावी आचार संहिता भी लागू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मुंबई के सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में चुनावी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
15 जनवरी को मतदान, 16 जनवरी को परिणाम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 23 से 30 दिसंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 31 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
2 जनवरी 2026 को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। अगले दिन यानी 3 जनवरी 2026 को अंतिम उम्मीदवारों की सूची घोषित की जाएगी और उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को मतदान होगा और अगले दिन 16 जनवरी को मतगणना के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे।
कई वर्षों से लंबित थे चुनाव
मुंबई महानगर पालिका के चुनाव आखिरी बार 2017 में हुए थे। उस दौरान निर्वाचित हुए नगरसेवकलों का कार्यकाल 2022 में खत्म हो गया उस लिहाज से मुंबई बीएमसी के चुनाव लगभग साढ़े तीन साल से नहीं हो सके हैं। लेकिन ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर राज्य की दूसरी कई महानगरपालिकाओं के चुनाव पिछले लगभग 5 से 7 वर्षों से भी अधिक समय से लंबित थे। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद राज्य में स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के चुनावों का रास्ता साफ हुआ।
इसमें शुरुआत में 2 दिसंबर को नगरपालिका और नगर परिषदों के चुनाव कराए गए। अब उसके बाद राज्य की लंबित 29 महानगरपालिकाओं के चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया गया है।
29 महानगरपालिकाओं में 2869 सीटें
आयोग की जानकारी के अनुसार, मुंबई सहित 29 महानगरपालिकाओं की 2869 सीटों के लिए यह चुनाव होने जा रहा है। इसमें 1442 महिला उम्मीदवारों की सीटें हैं। इनमें अनुसूचित जाति की 341, अनुसूचित जनजाति की 77 और अन्य पिछड़ा वर्ग की 759 महिला उम्मीदवारों की सीटें शामिल हैं।
1 जुलाई 2025 की मतदाता सूची का उपयोग
इन चुनावों के लिए 1 जुलाई 2025 की मतदाता सूची का उपयोग करने का निर्णय आयोग ने लिया है। मतदाता सूची में जिन मतदाताओं के नाम दोहरे हैं, उनके नाम के आगे डबल स्टार का चिन्ह होगा। ये मतदाता किसी भी एक मतदान केंद्र पर मतदान कर सकेंगे।
संभावित दोहरे मतदाताओं के घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। मुंबई में 10,111 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
पत्रकार सम्मेलन की मुख्य बातें
1 जुलाई 2025 की मतदाता सूची का उपयोग किया जाएगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका में 11 लाख संभावित दोहरे मतदाता पाए गए हैं।
दोहरे मतदाताओं के नाम के सामने दो स्टार लगाए गए हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका में 10,111 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
मताधिकार ऐप तैयार किया गया है।
मतदान से 48 घंटे पहले प्रचार पर प्रतिबंध रहेगा।
चुनाव कार्यक्रम की तारीखें
नामांकन प्रारंभ – 23 दिसंबर
नामांकन की अंतिम तिथि – 30 दिसंबर
नामांकनों की जांच – 31 दिसंबर
नामांकन वापसी – 2 जनवरी
चुनाव चिन्ह आवंटन – 3 जनवरी 2026
मतदान – 15 जनवरी 2026
मतगणना व परिणाम – 16 जनवरी 2026
महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाएं
जिन महानगरपालिकाओं में चुनाव होंगे, उनमें अहिल्यानगर, अकोला, अमरावती, भिवंडी निजामपुर, बृहन्मुंबई, चंद्रपुर, छत्रपति संभाजीनगर, धुले, इचलकरंजी, जलगांव, जालना, कल्याण डोंबिवली, कोल्हापुर, लातूर, मालेगांव, मीरा भाइंदर, नागपुर, नांदेड वाघाला, नाशिक, नवी मुंबई, पनवेल, परभणी, पिंपरी चिंचवड, पुणे, सांगली मिरज कुपवाड, सोलापुर, ठाणे, उल्हासनगर और वसई विरार महानगरपालिका शामिल हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
