मुंबई. मुंबई को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अभियान की शुरुआत पर बधाई देते हुए इसे जागरूक, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वरली डोम में आयोजित कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन की शपथ ली और लाखों लोग ऑनलाइन जुड़े।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को बताया देश की सबसे बड़ी ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नशा समाज के स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास के लिए गंभीर चुनौती है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता, परिवार, सामाजिक संस्थाओं और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र सरकार का ‘ड्रग फ्री मुंबई’ अभियान ‘नशामुक्त भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को नई गति देगा।
दो से चार साल में ड्रग फ्री मुंबई का लक्ष्य
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कहा कि अगले दो से चार वर्षों में मुंबई को ड्रग्स मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में ‘ड्रग फ्री कैंपस’ और ‘ड्रग फ्री स्कूल’ अभियान चलाया जाएगा। ड्रग्स की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
जनभागीदारी से बनेगा जनआंदोलन
कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री तथा उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि ‘ड्रग फ्री मुंबई’ केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन है। उन्होंने बताया कि शहर के चार हजार से अधिक स्कूलों और कॉलेजों में मार्गदर्शन एवं परामर्श समितियां बनाई गई हैं तथा एक हजार से अधिक प्रशिक्षित काउंसलर नियुक्त किए गए हैं। अभियान के शुभारंभ के दौरान पांच लाख से अधिक विद्यार्थी, अभिभावक और नागरिक ऑनलाइन जुड़े।
कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, विभागीय आयुक्त रुबल अग्रवाल, मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, बृहन्मुंबई महानगरपालिका की उप आयुक्त (शिक्षा) प्राची जांभेकर, समिति की गैर-सरकारी सदस्य सपना श्रॉफ, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, चिकित्सक, काउंसलर, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘ट्रेनिंग मैन्युअल फॉर काउंसलर्स’ का विमोचन भी किया, जबकि बृहन्मुंबई महानगरपालिका के दो हजार विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
