मुंबई : बॉलीवुड में पहचान बनाने की कोशिश में नाकाम रहने के बाद सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को धमकी देने वाले कुख्यात अपराधी मोहम्मद शाहरुख उर्फ शेरा खान को लखनऊ के गाजीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का करीबी बताकर लोगों में दहशत फैलाता था और उसके खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लंबे समय से पुलिस को दे रहा था चकमा
लखनऊ के गाजीपुर पुलिस स्टेशन की टीम ने गुरुवार को मोहम्मद शाहरुख उर्फ शेरा खान को गिरफ्तार किया। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी गिरफ्तारी पर प्रशासन ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। 6 मई को इंदिरानगर क्षेत्र में एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बॉलीवुड में काम न मिलने पर उठाया धमकी का रास्ता
गाजीपुर के एसीपी अनित्य विक्रम सिंह के अनुसार, प्रयागराज के शाहगंज का निवासी शाहरुख मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के उद्देश्य से गया था। हालांकि, उसे फिल्मों में कोई अवसर नहीं मिला। उसने कई बार अभिनेता सलमान खान से मुलाकात कर काम मांगने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी निराशा के चलते नवंबर 2018 में उसने सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके निजी सहायक को फोन कर धमकी दी थी। बातचीत के दौरान उसने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का आदमी और कभी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बताकर डराने की कोशिश की थी।
मुंबई में पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में 15 नवंबर 2018 को मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद मुंबई पुलिस ने 17 नवंबर 2018 को उसे गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, जमानत मिलने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
अतीक अहमद का करीबी होने का करता था दावा
पुलिस के अनुसार, शाहरुख का एक ऑडियो भी सामने आया है जिसमें वह खुद को छोटा शकील का सहयोगी बताकर लोगों को धमकाते हुए सुनाई देता है। ऑडियो में वह यह दावा भी करता है कि उसका संबंध दिवंगत माफिया अतीक अहमद से बेहद करीबी रहा है।
वह बातचीत में यह तक कहता है कि अतीक अहमद के लिए वह किसी की जान ले भी सकता है और अपनी जान दे भी सकता है। इस ऑडियो की जांच पुलिस कर रही है।
हत्या के प्रयास और लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज
जमानत पर रिहा होने के बाद शाहरुख पर कई गंभीर आरोप लगे। जून 2019 में उसने व्यापारी हमदान पर हमला किया, जबकि मार्च 2020 में फराज नामक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। अप्रैल 2020 में करेली क्षेत्र में लूट के एक मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली भी लगी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ धूमनगंज, शाहगंज और करेली सहित विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, बमबाजी, लूट और अन्य संगीन अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
वाहन जांच अभियान में पुलिस के हत्थे चढ़ा
हाल ही में सोशल मीडिया पर शाहरुख की एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वह कार में बैठकर खुलेआम रिवॉल्वर लहराता दिखाई दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी।
बंधा रोड स्थित मजार के पास चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर जा रहे शाहरुख को संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ और सत्यापन के बाद उसकी पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अंतरराष्ट्रीय गैंग से संबंधों की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शाहरुख के संबंध केवल स्थानीय अपराध जगत तक सीमित थे या फिर उसका किसी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह से भी सीधा संपर्क था। इस मामले में लखनऊ और मुंबई पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
