विदेशी पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार
मुंबई : पुलिस की क्राइम ब्रांच (एंटी एक्सटॉर्शन सेल) ने हत्या के मामले में वांछित आरोपियों सहित तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपियों के पास से विदेश में निर्मित तीन पिस्टल, मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी वर्ष 2022 से हत्या के मामले में फरार चल रहे थे और मुंबई में अवैध हथियारों की बिक्री के लिए आए थे।
गुप्त सूचना पर क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल
हफ्ता निरोधक दस्ता यानी एंटी एक्सटॉर्शन सेल को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना लाइसेंस के अवैध आग्नेयास्त्र लेकर मुंबई में बिक्री करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर 22 मई 2026 की रात करीब 10:45 बजे सेंट जॉर्ज अस्पताल के पास पी.डी. मेलो रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप, ईस्टर्न फ्रीवे की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, मैगजीन और कुल 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बिना लाइसेंस बेचने आए प्रतिबंधित शस्त्र
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी बिना किसी वैध अनुमति के प्रतिबंधित शस्त्र और कारतूस अपने पास रखे हुए थे तथा उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। आरोपियों ने मुंबई पुलिस आयुक्त द्वारा जारी हथियारबंदी आदेश का भी उल्लंघन किया था। इस मामले में एम.आर.ए. मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल द्वारा की जा रही है।
हत्या मामले में फरार थे दो आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में आरोपी क्रमांक 1 और 3 वर्ष 2022 से हत्या के एक मामले में वांछित थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस गिरोह से जुड़े हैं और मुंबई सहित अन्य शहरों में हथियारों की सप्लाई कहां-कहां करते थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल ऑपरेशन
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (गुन्हे) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त राज तिलक रौशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सदानंद राणे के मार्गदर्शन में की गई। एंटी एक्सटॉर्शन सेल के प्रभारी पुलिस निरीक्षक घनश्याम नायर समेत क्राइम ब्रांच और विशेष कार्य पथक के अधिकारियों व जवानों ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

