मुंबई : पालघर जिले के धानीवारी गांव के पास मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। पालघर जिला प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राहत और बचाव कार्य जारी होने की जानकारी दी है।
सगाई समारोह में जा रहे थे यात्री
जिला प्रशासन के अनुसार, शाम करीब 4 बजे आयशर टेम्पो (MH 48 DC 7474) में सवार 30 से 40 लोग सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया है कि वाहन मुंबई-गुजरात मार्ग पर गलत दिशा में चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर (NL 01 AC 9118) का नियंत्रण बिगड़ गया और उसके कंटेनर बॉक्स ने टेम्पो के बाएं हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
हादसा इतना भयावह था कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन में फंस गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।
14 घायलों को वेदांता अस्पताल में भर्ती
प्रशासन के मुताबिक 14 घायलों को तत्काल उपचार के लिए दहानू के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कासा उप-जिला अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार है :
सुरेश रत्ना लाखत
पांडू गणपत लाखत
कालू गोविंद लाखत
सुनील अर्जुन दांडेकर
चिमा गोविंद कुरहाडा
नमिता विठ्ठल दांडेकर
सारिका संतोष लाखत
आयुष सिताराम लाखत
सागर नामदेव शेंडे
वंदना शिवराम वलवी
सलोनी शिवराम वलवी
अजय अहाडी
रियांक्षी संतोष लाखत
हादसे की जांच शुरू
पालघर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद हैं तथा यातायात सुचारु रखने के लिए समन्वय किया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर गलत दिशा में वाहन चलना और नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।
प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
घटना से जुड़ी जानकारी और घायलों की स्थिति जानने के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। परिजन डॉ. सचिन वाघमारे से 9421485504 पर संपर्क कर सकते हैं।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
