Hindi News / Crime / Featured

लाइफ लाइन की भीड़ फिर बनी आफत : लोकल ट्रेन से गिरे 3 यात्री

Article Top Ad

मुंबई. मुंबईकरों की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में बढ़ती भीड़ अब यात्रियों के लिए आफत साबित हो रही है। भीड़ के कारण यात्रियों में तकरार और हादसों का होना अब आम घटना बन गई है। जबकि इसका खामियाजा मुंबईकरों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसा ही कुछ शुक्रवार को मध्य रेलवे की एक लोकल ट्रेन में सायन और माटुंगा के बीच देखने को मिला।
मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन से साइन और माटुंगा रेलवे स्टेशनों के बीच गिरने से शुक्रवार सुबह तीन यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों की पहचान नालासोपारा के 26 वर्षीय सचिन शर्मा, गोवंडी के 30 वर्षीय अफजाल चौधरी और कुर्ला के 35 वर्षीय जेनुआल सैयद के रूप में हुई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना डिब्बे में अत्यधिक भीड़ के कारण हुई। दादर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस मामले की एक घटना रिपोर्ट दर्ज की है और जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई घटना?
यह घटना सुबह करीब 10 बजे तब हुई जब यात्री दक्षिण दिशा की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन में सफर कर रहे थे। साइन स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के करीब 500 मीटर चलने के बाद, भीड़ के कारण दरवाजे के पास खड़े ये तीनों यात्री डिब्बे से गिर गए।
दादर जीआरपी के वरिष्ठ इंस्पेक्टर अनिल माने ने कहा, “शुरुआती निष्कर्ष बताते हैं कि चलती ट्रेन के प्रवेश द्वार के पास बाहर लटक रहे तीनों यात्री संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर गए।” सहयात्रियों ने नियंत्रण कक्ष को सूचित किया, जिसके बाद जीआरपी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायलों को साइन अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में एक की हालत गंभीर
जेनुआल सैयद उर्फ कैसर मेहंदी को पेट में चोट और कोहनी में फ्रैक्चर आया है। साइन अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि सीने में गंभीर चोट और आघात के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि चौधरी के सिर और दाहिने हाथ में चोटें आई हैं, लेकिन वे स्थिर हैं। वहीं, शर्मा के सिर और बाएं पैर में चोट आई है और वह भी खतरे से बाहर है।
पुलिस कर रही है जांच
एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही उनके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। अधिकारी ने कहा, “उसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना पूरी तरह से आकस्मिक थी या किसी विवाद अथवा झगड़े के कारण घटित हुई थी।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad