Hindi News / Crime / Featured

मुंबई में विधान भवन समेत चार जगहों को बम से उड़ाने की धमकी : जांच में निकली फर्जी

Article Top Ad

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब विधान भवन समेत चार महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। इस ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि प्रारंभिक जांच में यह धमकी फर्जी पाई गई है।
सुबह ई-मेल से मिली धमकी
विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने बताया कि सुबह 6 बजकर 57 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से ई-मेल भेजकर मुंबई के चार प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी में जिन स्थानों का उल्लेख किया गया। उनमें, विधान भवन, मुंबई शेयर बाजार, मुंबई मेट्रो, मुंबई उच्च न्यायालय शामिल हैं। ई-मेल में कथित विस्फोट का समय भी लिखा गया था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई।
एजेंसियों ने की सघन जांच
धमकी मिलने के बाद विधान भवन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बजट सत्र चलने के कारण उस समय परिसर में कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद थे।
सुरक्षा के मद्देनज़र सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और पुलिस ने बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की। मुख्य प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा तैनात कर दी गई और पहचान पत्र की जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया गया।
कुछ समय के लिए कामकाज रोका गया
घटना के बाद एहतियात के तौर पर विधान भवन का कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया गया। पुलिस ने पूरे भवन और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। पुलिस के अनुसार, धमकी देने वाले ई-मेल का आईपी एड्रेस और स्रोत पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच कर रही है।
जांच में धमकी फर्जी होने का खुलासा
अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अब तक की जांच में बम की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और यह धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है। नागरिकों और कर्मचारियों से घबराने की जरूरत नहीं है।
गृहराज्यमंत्री का बयान
राज्य के गृहराज्यमंत्री पंकज भोयर ने कहा कि देश और राज्य में शांति का माहौल है, लेकिन कुछ विकृत मानसिकता के लोग इसे बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
राजकीय हलकों में हलचल
घटना के बाद मुंबई के राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी गई। बजट सत्र के दौरान बड़ी संख्या में वीआईपी मौजूद होने के कारण पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल पुलिस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad