मिला वर्षों पुराना एक्सपायर्ड मसाला
मुंबई : महाराष्ट्र में अपनी ताबड़तोड़ कार्रवाई से चर्चा में आए आईएएस अधिकारी और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे (Tukaram Mundhe) का असर अब बॉलीवुड तक दिखाई दे रहा है। अभिनेत्री और लेखिका ट्विंकल खन्ना (Twinkle Khanna) ने मुंढे की खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई से प्रेरित होकर अपने ही किचन की जांच कर डाली। इस ‘धाड़’ में उन्हें कई साल पहले एक्सपायर हो चुका मसाले का डिब्बा मिला, जिसे देखकर वह खुद भी हैरान रह गईं।
होटल में भी याद आए मुंढे
ट्विंकल खन्ना ने अपने लोकप्रिय कॉलम ‘मिसेज फनीबोन्स’ (Mrs Funnybones) में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर मजेदार अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में वह अपने परिवार के साथ एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थीं। वहां उन्होंने ब्रोकली और चिकन टिक्का ऑर्डर किया। खाना टेबल पर पहुंचते ही ट्विंकल ने रेस्टोरेंट के मैनेजर से मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या यह होटल तुकाराम मुंढे की जांच में पास हुआ है। मैनेजर ने कथित तौर पर बताया कि मुंढे की टीम ने पिछले सप्ताह ही होटल की जांच की थी और उसे हरी झंडी दी थी। इसके बाद ट्विंकल ने बेफिक्र होकर खाना खाया।
बाजार के पनीर पर भरोसा कम
तुकाराम मुंढे की ओर से नकली पनीर और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का जिक्र करते हुए ट्विंकल ने बताया कि उन्होंने और उनकी मां डिंपल कपाड़िया (Dimple Kapadia) ने बाजार से पनीर खरीदना बंद कर दिया है। अब दोनों घर पर दूध से पनीर तैयार कर रही हैं। ट्विंकल ने इसे लेकर मां-बेटी के बीच चल रही मजेदार प्रतिस्पर्धा का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, डिंपल के घर में एक लीटर दूध से करीब 250 ग्राम पनीर तैयार हो जाता है, जबकि उनके घर में इतनी ही मात्रा के दूध से करीब 180 ग्राम पनीर बनता है। पनीर किसका ज्यादा सफेद और मुलायम बना, इसे लेकर दोनों के बीच रोजाना मजेदार बहस होती है।
अपने ही किचन में ‘मुंढे स्टाइल’ जांच
ट्विंकल ने बिहार (Bihar) के एक स्कूल में नमक की जगह कपड़े धोने का डिटर्जेंट इस्तेमाल किए जाने से बच्चों के बीमार पड़ने की घटना का भी उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में अपने घर की रसोई की जांच करने का फैसला किया। जांच के दौरान उन्हें किचन में कई साल पहले एक्सपायर हो चुका शाही मसाले का डिब्बा मिला। इस पुराने मसाले को लेकर ट्विंकल ने अपने खास व्यंग्यात्मक अंदाज में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी की।
मुगलई व्यंजनों के बहाने तंज
ट्विंकल ने उन लोगों पर भी व्यंग्य किया जो इतिहास के पन्नों से मुगलों (Mughals) का नाम हटाने की बात करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई मुगलों के इतिहास को मिटाना चाहता है, तो उसे अपनी खाने की थाली पर भी नजर डालनी चाहिए।
उन्होंने कोफ्ता, कोरमा, कबाब और शाही मुगलई पनीर जैसे व्यंजनों का जिक्र करते हुए कहा कि इन व्यंजनों का आनंद लेना और दूसरी ओर इतिहास से मुगलों का नाम मिटाने की कोशिश करना विरोधाभासी है।
मुंढे की कार्रवाई की बॉलीवुड में चर्चा
तुकाराम मुंढे ने मई 2026 में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (Food and Drug Administration) के आयुक्त का पद संभालने के बाद मिलावटी खाद्य पदार्थों और नकली पनीर के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। उनकी इसी सख्त कार्यशैली ने उन्हें महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना दिया है। अब ट्विंकल खन्ना ने अपने व्यंग्यात्मक अंदाज में मुंढे की कार्रवाई को अपने किचन और खाने की आदतों से जोड़कर इसे एक नया रंग दे दिया है।
ट्विंकल खन्ना का मुंढे स्टाइल : अपने ही किचन में मारी ‘धाड़’

Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad