मुंबई. गणेशोत्सव महापर्व शनिवार को बाप्पा की बिदाई अर्थात गणेश मूर्तियों के विसर्जन के साथ समाप्त हो गया. मुंबई में बाप्पा के भक्तों ने नम आंखों से अपने प्यारे बाप्पा को जल में विसर्जित करके बिदाई दी. मुंबई महानगर पालिका द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, शनिवार को शुरू हुआ बाप्पा की बिदाई का सिलसिला रविवार को भोर तक चला.
नहीं हो सका लालबाग के राजा का विसर्जन
इस दौरान रविवार को सुबह 8 बजे के करीब गिरगांव चौपाटी पहुंचने के बाद भी लालबाग के राजा मंडल की गणेश प्रतिमा को अरब सागर में विसर्जित नहीं किया जा सका. बताया जा रहा है कि मछुआरों की मदद से मूर्ति को नौका पर चढ़ाने के बाद भी समुद्र में हाई टाइड (उच्च ज्वार) होने की वजह विसर्जन नहीं हो पाया. ऐसा कहा जा रहा है कि हाई टाइड उतरने के बाद मूर्ति विसर्जित की जाएगी.
मुंबई मनपा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मुंबई में अनंत चतुर्दशी के उपलक्ष्य में रविवार को सुबह 6 बजे तक 36632 का विसर्जन किया गया.
विसर्जित की गई मूर्तियों का विवरण
सार्वजनिक – 5855
घरेलू – 30468
गौरी- 309
कुल – 36632