मानखुर्द में मकान ढहने से 6 की गई जान
ऑरेंज अलर्ट के बीच स्कूल-कॉलेज बंद,
मुंबई : मुंबई में मानसून की पहली तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश और आंधी के कारण शहर में 250 से अधिक पेड़ गिर गए। रविवार को ही पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत हुई, जबकि मानखुर्द में मकान ढहने से 6 लोगों की जान चली गई। जबकि इससे पहले मेन होल में गिरने और पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई थी। इस तरह बारिश और उससे जुड़े हादसों में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 6 जुलाई को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और मनपा स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है।


मानखुर्द में मकान ढहने से 6 की मौत
रविवार रात करीब 8.30 बजे मानखुर्द के जनता नगर में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित चॉल नंबर-5 का ग्राउंड प्लस तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में दो से तीन झोपड़ीनुमा मकान भी मलबे में दब गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान 6 लोगों के शव निकाले गए, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। एनडीआरएफ, दमकल, पुलिस और बीएमसी की टीमों ने मौके पर बचाव अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर आसपास के घर खाली करा दिए गए हैं और करीब छह मकानों को असुरक्षित घोषित किया गया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत
कुर्ला के नौपाड़ा इलाके में एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनूस कुंडावाला की मौत हो गई। घटना के बाद मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
वहीं, गोरेगांव पूर्व की आरे कॉलोनी में तेज बारिश के दौरान पेड़ की शाखा 18 वर्षीय कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद के सिर पर गिर गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

250 से अधिक पेड़ गिरे, बस मार्ग बदले
तेज बारिश और आंधी के कारण शहर में 250 से अधिक पेड़ और शाखाएं गिरने की घटनाएं सामने आईं। 12 स्थानों पर पेड़ गिरने से बेस्ट बसों के मार्ग अस्थायी रूप से बदलने पड़े। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
15 शॉर्ट सर्किट की घटनाएं
बारिश के दौरान मुंबई में 15 शॉर्ट सर्किट की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें शहर में 4, पूर्वी उपनगर में 3 और पश्चिमी उपनगर में 8 मामले शामिल हैं। हालांकि लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
भूस्खलन और इमारत गिरने की घटनाएं
अंटॉप हिल के गांधी नगर इलाके में पेड़ गिरने से भूस्खलन हुआ। वहीं, वरली डेयरी के पास खान अब्दुल गफ्फार खान रोड पर एक खाली इमारत ढह गई। इन दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।
17 हजार से ज्यादा पेड़ों की छंटाई बाकी
बीएमसी की 31 मई 2026 की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, मानसून पूर्व 84,819 पेड़ों की छंटाई का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 67,274 पेड़ों की छंटाई पूरी हो चुकी है, जबकि 17,197 पेड़ों की छंटाई अभी बाकी है। रिपोर्ट में 387 खतरनाक या मृत पेड़ों का सर्वेक्षण किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
स्कूल-कॉलेज बंद, लोगों से घर में रहने की अपील
भारतीय मौसम विभाग ने 6 जुलाई के लिए मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के मद्देनज़र बीएमसी ने सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका के स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित की है। हालांकि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
मृतकों की पहचान
मानखुर्द हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नाबिया (2 वर्ष), निहाल (6 वर्ष), आलिया (7 वर्ष), मुनाफ (7 वर्ष), मुस्कान (14 वर्ष) और सोनी (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
वहीं, 24 वर्षीय रेहान अली गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। साथ ही आसपास की इमारतों की सुरक्षा का भी आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत गिरने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
