Hindi News / Featured / Maharashtra

मतदाता सूची में डबल नामों से मतदाताओं में भ्रम : सांसद वर्षा गायकवाड ने मांगा निर्वाचन आयोग स्पष्टीकरण

Article Top Ad

मुंबई. मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की मसौदा मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्ट्रल रोल) जारी होने के बाद इसमें 11 लाख दोहरे नामों (डुप्लिकेट नामों) का बड़ा घालमेल सामने आया है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस भारी गड़बड़ी के कारण नागरिकों में पैदा हुए भ्रम को देखते हुए चुनाव आयोग से इस पर अपनी भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।
सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। इस शिष्टमंडल में विधायक अमीन पटेल, डॉ. ज्योति गायकवाड़, अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव सचिन सावंत, प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस, राजेश शर्मा, पूर्व नगरसेवक जावेद जुनेजा, अखिलेश यादव और हरगून सिंह शामिल थे।
‘मतदान कम होने की आशंका, अधिकारियों के पास स्पष्टता नहीं’
इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि जब उन्होंने जिला अधिकारी और उपायुक्तों से दोहरी मतदाता सूची के बारे में पूछा, तो उन्हें भी कोई स्पष्टता नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे दोहरे मतदाताओं की सूची क्यों प्रकाशित नहीं कर रहे हैं, और इन मतदाताओं से शपथ पत्र (Affidavit) और फॉर्म लेने के संबंध में क्या कार्रवाई की जाएगी। वर्षा गायकवाड़ ने आशंका जताई, “दोहरे नामों के संबंध में आखिरी दिन शपथ पत्र लिखवाने की बात कही जा रही है, जिससे भ्रम और बढ़ेगा। यह नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करना है और इससे मतदान प्रतिशत कम होने का डर है।”
वार्ड रचना और समन्वय की कमी पर सवाल
सांसद गायकवाड़ ने यह भी बताया कि पिछले नौ वर्षों से वार्डों की रचना नहीं हुई है और अक्टूबर 2024 के बाद कोई मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जारी की गई मसौदा सूची में धारवी, अंधेरी, कांदिवली सहित कई क्षेत्रों में एक ही वार्ड से 7,000 से 9,000 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिए गए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और महानगरपालिका के बीच कोई समन्वय नहीं है, और किसकी क्या भूमिका है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने पूछा कि क्या चुनाव आयोग द्वारा आज दिए गए निर्देशों का बीएमसी द्वारा पालन किया जाएगा और क्या दोहरे नामों की सूची जनता को उपलब्ध कराई जाएगी?
कांग्रेस के उठाए मुद्दों पर आज होगी अहम बैठक
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर कल दोपहर 3 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में चुनाव आयोग के अधिकारी, बीएमसी आयुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, दो उपायुक्त, और कांग्रेस के तीन-चार प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad