रोड रेज में युवक की हत्या : टैक्सी चालक समेत दो गिरफ्तार

मामूली कहासुनी का सामने आया खूनी अंजाम

मुंबई: मालाड इलाके में रोड रेज की एक घटना में 25 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि टैक्सी चालक ने गुस्से में आकर युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मृतक की पहचान शारिक अंसारी (25) के रूप में हुई है, जो मालवानी का निवासी था और मालाड- पश्चिम स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में काम करता था। वहीं, आरोपियों की पहचान सत्येंद्र गुप्ता (28) और सुनील पाल (27) के रूप में हुई है। दोनों कांदिवली – पश्चिम के लालजीपाड़ा इलाके के रहने वाले हैं।
इनऑर्बिट मॉल के पास हुई घटना
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे इनऑर्बिट मॉल के पास स्थित ओशिवारा मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई। उस समय शारिक अंसारी अपनी बाइक से मालवानी से लिंक रोड होते हुए अंधेरी की ओर जा रहा था, जबकि उसके पीछे एक टैक्सी चल रही थी। मीठ चौकी जंक्शन के पास गाड़ी चलाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने अपनी-अपनी गाड़ियां रोक दीं और सड़क पर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान टैक्सी चालक सत्येंद्र गुप्ता ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से एक धारदार वस्तु निकाली और शारिक अंसारी पर हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
हमले में अंसारी की छाती और गर्दन के पीछे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की सूचना मिलते ही बांगुर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *