मुंबई. अंधेरी इलाके में कर्ज वसूली के नाम पर एक महिला को आधी रात फोन करके प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सिर्फ दो किश्तें बकाया होने पर वसूली एजेंट कर्जदार की पत्नी को बार-बार कॉल कर परेशान कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बजाज फाइनान्स के अंधेरी पूर्व स्थित कार्यालय से लिए गए कर्ज की दो किस्तें बकाया थीं। इस वजह से वसूली एजेंट लगातार कर्जदार की पत्नी को फोन कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि कई कॉल देर रात और आधी रात को भी किए गए।
जब महिला ने कॉल का कारण पूछा तो एजेंट ने कथित तौर पर कहा – “तुम्हारी याद आई”, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
आपत्तिजनक बातें करके किया उत्पीड़न
महिला के परिवार का आरोप है कि वसूली एजेंट ने न केवल अश्लील और आपत्तिजनक बातें की, बल्कि धमकी भरे मैसेज भी भेजे। मैसेज में लिखा गया कि “आदमी घर भेज रहा हूं” और “मैडम फोन क्यों नहीं उठा रही हैं।” इस पूरे घटनाक्रम से परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया गया।
घटना से नाराज महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ता संबंधित कार्यालय पहुंचे और कंपनी से जवाब मांगा। कार्यकर्ताओं ने कॉल रिकॉर्डिंग भी कर्मचारियों को सुनाई और इस तरह की वसूली पद्धति पर कड़ा विरोध जताया। मनसे पदाधिकारी महेंद्र भानुशाली ने कहा कि रात 1-1:30 बजे कॉल करना और गाली-गलौज करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
कंपनी को चेतावनी
मनसे नेताओं ने कंपनी को चेतावनी दी है कि अपने वसूली एजेंटों को तुरंत आचार संहिता का पालन करने के निर्देश दिए जाएं, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि ग्राहकों के परिवार, खासकर महिलाओं को इस तरह परेशान करना गैरकानूनी और असंवेदनशील है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है, जिससे यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया है। अब इस पर कंपनी की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
