पूछताछ में हुआ कुल 59 मामलों का खुलासा
मुंबई : मध्य मुंबई के भोईवाड़ा इलाके में एक बुजुर्ग को झांसा देकर सोने की चेन ठगने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 71 वर्षीय जोसेफ सी.ए. फर्नांडीस, गौरीशंकर मिठाई की दुकान के सामने से गुजर रहे थे, तभी दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे।
एक युवक ने पहचान का नाटक करते हुए उन्हें चाय पीने के लिए कहा, जबकि दूसरे ने उसकी झूठी पहचान को और मजबूत किया। बातों में उलझाकर उन्होंने बुजुर्ग के बैग की जांच की और फिर उनकी गर्दन से 12 ग्राम की सोने की चेन (पेंडेंट सहित) निकालकर बैग में रखने का नाटक किया।
पीड़ित बुजुर्ग की सतर्कता से खुल गई पोल
फर्नांडीस को शक हुआ और उन्होंने चेन देखनी चाही, तो वह गायब थी। इसके बाद दोनों आरोपी भागने लगे। पीड़ित फर्नांडीस के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी चेन लेकर फरार हो गया। इस मामले में भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपी की पहचान नरेश उर्फ नरिया विजयकुमार जायसवाल (40 वर्ष) के रूप में की। पुलिस ने कल्याण इलाके में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में उसका अपराध में शामिल होना साबित हुआ। पुलिस के अनुसार नरेश जायसवाल एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 59 मामले दर्ज हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन् भारती, सह आयुक्त सत्यनारायण चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त विक्रम देशमाने और डीसीपी रागसुधा आर के मार्गदर्शन में की गई। भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दत्तात्रय ठाकुर, निरीक्षक महाडीक और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया।

