पॉड टैक्सी परियोजना का ई-भूमिपूजन
सार्वजनिक परिवहन को और आधुनिक व सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मेट्रो लाइन 2B के पहले चरण का लोकार्पण और पॉड टैक्सी परियोजना का ई-भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर शहर को देश की सबसे एकीकृत और आसान परिवहन व्यवस्था वाला शहर बनाने का संकल्प दोहराया।
5.6 किमी का पहला चरण शुरू, 5 स्टेशन चालू
मेट्रो 2B (डी.एन. नगर से मंडाले) के तहत देशभक्त एन.जी. आचार्य उद्यान–डायमंड गार्डन से मंडाले तक 5.6 किमी लंबा पहला चरण शुरू किया गया है, जिसमें 5 स्टेशन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि शेष दो चरण पूरे होने के बाद पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण मुंबई के बीच तेज और सुगम कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
हार्बर लाइन से जुड़ने वाली पहली मेट्रो
यह मेट्रो लाइन हार्बर रेलवे लाइन से जुड़ने वाली पहली मेट्रो है, जिससे बीकेसी, अंधेरी, बांद्रा और चेंबूर के बीच निर्बाध यात्रा संभव होगी। इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

ग्रीन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
मेट्रो 2B के सभी स्टेशन IGBC प्लैटिनम रेटिंग वाले हैं, जहां ऊर्जा बचत और प्राकृतिक रोशनी के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मंडाले में दो मंजिला विशाल डेपो बनाया जा रहा है, जिसमें 72 लाइनों की सुविधा होगी, जो देश के सबसे बड़े डिपो में से एक होगा।
337 किमी मेट्रो नेटवर्क का लक्ष्य
राज्य सरकार मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में कुल 337 किमी मेट्रो नेटवर्क विकसित करने पर काम कर रही है। इसके पूरा होने पर रोजाना करीब 70 लाख यात्री मेट्रो से सफर कर सकेंगे, जिससे उपनगरीय रेलवे पर मौजूदा 90 लाख यात्रियों का दबाव कम होगा।
बीकेसी में शुरू होगी पॉड टैक्सी सेवा
बीकेसी क्षेत्र में ‘पॉड टैक्सी’ नामक अत्याधुनिक लास्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजना का भी ई-भूमिपूजन किया गया।
इस स्वचालित प्रणाली के जरिए यात्रियों को उनके गंतव्य से 100–150 मीटर के भीतर पहुंचाया जा सकेगा, जिससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।
20 महीने में पहला चरण पूरा करने का लक्ष्य
यह परियोजना बीओटी (BOT) मॉडल पर विकसित की जाएगी और 20 महीनों में पहला चरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक जाम कम करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम – शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मेट्रो 2B पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण मुंबई को जोड़ने वाली अहम लाइन है। इससे मेट्रो 1, 3, 4, पश्चिम रेलवे, मोनोरेल और हार्बर लाइन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। उन्होंने बताया कि करीब 10,986 करोड़ रुपये की इस परियोजना का पहला चरण 3,225 करोड़ रुपये का है और मंडाले डेपो इसका प्रमुख केंद्र होगा।
समय की बचत, प्रदूषण में कमी
इस मेट्रो लाइन से यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
2027 तक पूरा होगा पूरा प्रोजेक्ट
मेट्रो 2B परियोजना को तीन चरणों में मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, देश की पहली पॉड टैक्सी परियोजना को दुबई और लंदन की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जो मुंबई की लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
मेट्रो से किया सफर
कार्यक्रम के दौरान सभी गणमान्य व्यक्तियों ने चेंबूर स्थित देशभक्त एन.जी. आचार्य उद्यान–डायमंड गार्डन स्टेशन से देवनार स्टेशन तक मेट्रो में यात्रा भी की।
