मुंबई : चेंबूर इलाके में मादक पदार्थ विरोधी कक्ष (एंटी नारकोटिक्स सेल) की वर्ली यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 88 लाख 60 हजार रुपए कीमत की चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुंबई को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत की गई, जिसमें पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आरोपी को दबोचा।
संदिग्ध हरकतों के आधार पर हुई कार्रवाई
अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष, वरळी यूनिट की टीम मुंबई शहर में ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और स्टॉक करने वाले आरोपियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान लोकमान्य तिलक टर्मिनस फ्लायओवर के नीचे रेल व्यू सीएचएस रोड, न्यू तिलकनगर, चेंबूर इलाके में एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली।
तलाशी में मिली करोड़ों की चरस
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के पास से 3 किलो 886 ग्राम वजन की चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3 करोड़ 88 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क) और 20(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तिलकनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ मामला
यह मामला तिलकनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 21 मई 2026 को शाम 4.55 बजे से 7.10 बजे के बीच की गई, जबकि रात 8.56 बजे औपचारिक रूप से मामला दर्ज किया गया।
नशामुक्त समाज बनाने के लिए लगातार अभियान
मुंबई पुलिस ने कहा है कि “अंमली पदार्थमुक्त समाज” बनाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। ड्रग्स तस्करी और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (क्राइम) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले और सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर के मार्गदर्शन में की गई। प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण वाघ और उनकी टीम ने यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया। मामले की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किरण वाघ कर रहे हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
