Hindi News / Crime / Featured

बैग बदलकर हड़पे 1.20 करोड़ : नोट की जगह मालिक को दिया कागज

Article Top Ad

मुंबई: दक्षिण मुंबई के एक कारोबारी को 1.20 करोड़ रुपए का चूना लगाने के आरोप में पायधुनी पुलिस ने कारोबारी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। कारोबारी ने अपने विश्वसनीय कर्मचारी को दूसरे कार्यालय से पैसे लाने को कहा था। कर्मचारी ने 1.20 करोड़ रुपए से भरे दो बैग अपने पास रख लिए और उसी तरह के दूसरे बैग में कागज भर कर मालिक के पास पहुंचा दिया था।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को शिकायतकर्ता ने कर्मचारी पीरसिंग देवरा (Peersing Devra) को अपने दूसरे कार्यालय से 1 करोड़ 20 लाख रुपए लाने के लिए कहा था। रकम दो बैगों में रखी गई थी और उन्हें मालिक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पीरसिंग को दी गई थी। आरोप है कि पीरसिंग ने दोनों बैग बदल दिए और असली नोटों की जगह उनमें कागज भरकर मालिक को सौंप दिए।
सीसीटीवी से जांच को मिला सुराग
मामले में 10 अगस्त 2026 को पायधुनी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 872/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(4) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
भाई के साथ मिलकर रची साजिश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीरसिंग देवरा ने अपने भाई युवराज सिंग वसंत सिंग देवरा (Yuvraj Singh Vasant Singh Devra), उम्र 24 वर्ष, के साथ मिलकर कथित रूप से वारदात की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में आरोपियों के मूल गांव पर जांच केंद्रित की।
1.16 करोड़ रुपए बरामद
पुलिस टीम ने 14 अगस्त 2026 को राजस्थान के सिरोही जिले के मामावली गांव से युवराज सिंग देवरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास से कथित रूप से हड़पी गई 1.20 करोड़ रुपए की रकम में से 1 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
मामले में वांछित आरोपी पीरसिंग वसंत सिंग देवरा (Peersing Vasant Singh Devra), उम्र 30 वर्ष, की तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad