बेसमेंट में 7 से 8 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैली आग
धुएं से मची अफरा-तफरी
मुंबई: दक्षिण मुंबई (South Mumbai) के महर्षि कर्वे रोड (Maharshi Karve Road) स्थित आयकर भवन (Income Tax Building) में सोमवार दोपहर बेसमेंट में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। आग और घने धुएं के बीच इमारत में फंसे करीब 28 लोगों को मुंबई अग्निशमन दल (Mumbai Fire Brigade) ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बेसमेंट में लगी आग से फैला धुआं
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अग्निशमन दल को सोमवार दोपहर 2 बजकर 1 मिनट पर आयकर भवन के बेसमेंट से धुआं निकलने की सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर आग को लेवल-1 घोषित किया गया। आग बेसमेंट के करीब 7,000 से 8,000 वर्गफुट क्षेत्र में फैल गई थी। बेसमेंट में इलेक्ट्रिक वायरिंग, विद्युत उपकरण, कागजात, पुराने रिकॉर्ड, लकड़ी के पार्टिशन और भंगार सामग्री रखी थी। इन सामानों ने आग पकड़ ली, जिससे बड़ी मात्रा में धुआं पूरी इमारत में फैल गया।
28 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल, मुंबई पुलिस (Mumbai Police), बेस्ट (BEST), 108 एंबुलेंस और मनपा के संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। अग्निशमन जवानों ने पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल से 15 लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं, करीब 5 से 6 लोगों को पहली मंजिल से सीढ़ी की मदद से बाहर निकाला गया। आग के डर से इमारत की छत पर पहुंचे 8 लोगों को टर्न टेबल लैडर की मदद से सुरक्षित नीचे लाया गया।
बीए सेट पहनकर जवानों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के लिए अग्निशमन जवानों ने बीए सेट पहनकर इमारत के भीतर प्रवेश किया। आग पर काबू पाने के लिए 8 फायर इंजन, 2 हाई प्रेशर लाइन और 7 होज लाइन की मदद से पानी का मारा किया गया। इमारत के भीतर जमा धुआं बाहर निकालने के लिए स्मोक एक्स्ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा खिड़कियों के शीशे तोड़कर भी धुआं बाहर निकालने की व्यवस्था की गई।
आग का कारण अब भी स्पष्ट नहीं
इमारत में कोई व्यक्ति फंसा या लापता तो नहीं है, इसकी जांच मुंबई पुलिस, आयकर विभाग (Income Tax Department) के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों की मदद से की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन दल और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
आयकर भवन में भीषण आग : अग्निशमन दल ने 28 लोगों को बचाया
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad