Hindi News / Crime / Featured

बुरी नजर से रक्षा और संतान सुख का झांसा : फर्जी किन्नर ने किया एयर होस्टेस से दुष्कर्म

Article Top Ad

100 से ज्यादा CCTV खंगालकर चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : पवई (Powai) में एक फर्जी किन्नर ने बुरी नजर उतारने और संतान सुख दिलाने का झांसा देकर एक एयर होस्टेस (Air Hostess) को कथित तौर पर अपने जाल में फंसा लिया। महिलाओं के कपड़े पहनकर घर में दाखिल हुए आरोपी अनिल शिंदे (Anil Shinde) ने कथित अनुष्ठान के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म किया और 2,000 रुपये लेकर फरार हो गया। शिकायत के बाद पवई पुलिस (Powai Police) ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और महज चार घंटे में आरोपी को ठाणे जिले के कलवा (Kalwa) इलाज़ से गिरफ्तार कर लिया।
किन्नर बनकर सोसायटी में पहुंचा
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल शिंदे (Anil Shinde) ने खुद को ट्रांसजेंडर बताकर पवई की एक सोसायटी में प्रवेश किया। उसने सुरक्षा गार्ड को भी कथित तौर पर झांसा दिया और तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट तक पहुंच गया। घर का दरवाजा एक बुजुर्ग महिला ने खोला।
आरोपी ने पहले बुजुर्ग महिला को आशीर्वाद देने का नाटक किया। बातचीत के दौरान उसे पता चला कि घर में रहने वाले दंपत्ति की शादी को करीब चार-पांच साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई है।
बीमार है पीड़िता का पति
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने परिवार पर बुरी नजर होने की बात कही और संतान प्राप्ति के लिए विशेष अनुष्ठान करने का झांसा दिया। इस पर महिला ने विश्वास करते हुए उसे घर के अंदर आने दिया। पीड़िता का पति उस समय अस्वस्थ होने के कारण अस्पताल में भर्ती था और वह खुद छुट्टी पर घर में थी। आरोपी ने कथित तौर पर पानी छिड़कने के बाद महिला को बेडरूम में ले जाकर आंखें बंद कर लेटने को कहा।
अनुष्ठान के बहाने दुष्कर्म
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने अनुष्ठान के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने महिला से कहा कि उसे जल्द ही संतान सुख मिलेगा। इसके बाद उसने आशीर्वाद के नाम पर पैसे मांगे। महिला ने कथित तौर पर उसे 2,000 रुपये दिए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
एक घंटे बाद हुआ एहसास
पुलिस के अनुसार, आरोपी के जाने के करीब एक घंटे बाद पीड़िता को अपने साथ हुई घटना की गंभीरता का एहसास हुआ। उसने अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों पवई पुलिस स्टेशन (Powai Police Station) पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
CCTV ने खोला भागने का रास्ता
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। डीसीपी दत्ता नलावड़े (DCP Datta Nalawade) के सुपरविजन में पुलिस टीम ने सोसायटी और आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक CCTV फुटेज में आरोपी ऑटो रिक्शा (Auto Rickshaw) से भागता दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए चालक का पता लगाया। पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने आरोपी को कलवा (Kalwa) के एक झुग्गी इलाके में छोड़ा था।
चार घंटे में कालवा से दबोचा
ऑटो चालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कालवा में दबिश दी और महज चार घंटे के भीतर अनिल शिंदे (Anil Shinde) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया है।
पुराने मामलों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि आरोपी पुरुष है और उसका परिवार किन्नर का रूप धारण कर भीख मांगने का काम करता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह किसी महिला को निशाना बनाया था या नहीं।
BNS के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अनिल शिंदे (Anil Shinde) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita – BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दुष्कर्म और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र के जादू-टोना एवं काला जादू विरोधी कानून के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Article Inline Ad
Article Bottom Ad