मुंबई. धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड (दक्षिण) पर बार-बार हो रही बिजली और सीसीटीवी केबल चोरी के कारण कई हिस्सों में पथदिवे बंद हो गए हैं। इससे वरली और महालक्ष्मी मंदिर के आसपास कुछ स्थानों पर अंधेरा रहने के साथ करीब 60 से 65 सीसीटीवी कैमरे भी बंद हुए हैं। स्थिति सुधारने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने मुंबई पुलिस (Mumbai Police) के साथ मिलकर नई केबल डालने और सुरक्षा उपायों की कार्रवाई शुरू की है।
तांबे के बाद एल्युमिनियम केबल भी चोरी
मुंबई कोस्टल रोड का दक्षिणी हिस्सा मार्च 2024 से चरणबद्ध तरीके से यातायात के लिए खोला गया था। शुरुआत में पथदिवों को बिजली की आपूर्ति तांबे की केबल से की जाती थी। चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद तांबे की जगह एल्युमिनियम केबल लगाई गई। इसके बावजूद महालक्ष्मी मंदिर, मद्रासी वाड़ी, मार्कडेश्वर मंदिर और वरली क्षेत्र में एल्युमिनियम केबल काटने और चोरी करने की घटनाएं जारी रहीं।
20 से 25 एफआईआर दर्ज
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार, केबल चोरी के मामलों में संबंधित ठेकेदार एल एंड टी (L&T), एचसीसी (HCC) और संचालन एवं रखरखाव ठेकेदारों के माध्यम से संबंधित पुलिस थानों में अब तक करीब 20 से 25 एफआईआर और शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। चोरी या क्षतिग्रस्त केबल के स्थान पर कई जगह दो से तीन बार नई केबल भी लगानी पड़ी है।
110 किलोमीटर केबल बदली
केबल चोरी और कटने की घटनाओं के कारण अब तक करीब 110 किलोमीटर लंबी बिजली केबल बदली जा चुकी है। बीएमसी ने बताया कि बार-बार होने वाली घटनाओं से कोस्टल रोड की प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और संचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पुलिस के साथ रोकथाम की योजना
बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुंबई पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर चोरी रोकने के उपायों पर चर्चा की है। प्रशासन नई केबल बिछाने के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक योजना पर भी काम कर रहा है।
केबल चोरी से कोस्टल रोड की रोशनी और सीसीटीवी प्रभावित : बीएमसी ने शुरू की केबल बदलने की कार्रवाई
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad