मुंबई : नवी मुंबई की वाशी (Vashi) पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने मैट्रिमोनियल साइट (Matrimonial Site) के जरिए शादी का झांसा देकर एक महिला से छह लाख पच्चीस हजार रुपये ठग लिए थे। मुख्य आरोपी नागेश अर्जुन पवार (Nagesh Arjun Pawar) पुलिस से बचने के लिए पिछले चार दिनों से अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रह रहा था। मीरा-भाईंदर (Mira-Bhayandar) क्षेत्र में उसके छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एक अनोखी चाल चली और उसे धर दबोचा।
पीड़ित महिला ने शादी के लिए एक वैवाहिक वेबसाइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी, जिसके जरिए आरोपी नागेश अर्जुन पवार (Nagesh Arjun Pawar) ने पीड़िता से साथ संपर्क साधा था। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और 24 सितंबर को अपनी कार में खराबी आने का बहाना बनाते हुए पैसों की सख्त जरूरत होने की बात कही। शुरुआती दौर में पैसें लेने और लौटाने के बाद उसने महिला का विश्वास जीता और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से बड़ी रकम ऐंठ ली। इसके अलावा, उसने बैंक खाते का विवरण, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल करके बैंक खाते में मौजूद रकम का भी दुरुपयोग किया, जिसके बाद कुल छह लाख पच्चीस हजार रुपये की ठगी का यह मामला सामने आया।
गिरफ्तारी से बचने की नाकाम कोशिश
लगातार पैसे मांगने और शादी के नाम पर टालमटोल करने की वजह से महिला को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को भांपते हुए वाशी (Vashi) पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी। तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी मीरा रोड-भाईंदर (Mira-Bhayandar) इलाके के एक लॉज में छिपा हुआ है। पुलिस को यह भी अंदेशा था कि साधारण तरीके से जाने पर वह भाग सकता है।
डिलीवरी बॉय का वेश धारण कर दबोचा
आरोपी को पुलिस की कार्रवाई पर कोई शक न हो, इसलिए वाशी (Vashi) पुलिस के एक दल ने बेहद चालाकी से डिलीवरी बॉय (Delivery Boy) का वेश धारण किया और लॉज में प्रवेश किया। इस अनोखे और फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर पुलिस ने मुख्य आरोपी नागेश अर्जुन पवार (Nagesh Arjun Pawar) को सफलतापूर्वक अपनी गिरफ्त में ले लिया। इस पूरी कार्रवाई में उसके एक अन्य साथी आकाश मोहनलाल वर्मा (Akash Mohanlal Verma) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी नागेश पवार (Nagesh Pawar) के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) सहित अन्य जगहों पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
मैट्रिमोनियल साइट के जरिए बुना जाल : शादी का झांसा देकर लगाया लाखों का चूना
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad