चुनाव प्रक्रिया 35 दिन से घटकर 9 से 13 दिनों में पूरी होगी
मुंबई: महाराष्ट्र में 50 या उससे कम सदस्य संख्या वाली सहकारी आवासीय संस्थाओं के चुनाव अब विशेष आमसभा में कराए जाएंगे। इससे चुनाव प्रक्रिया पहले के मुकाबले काफी कम समय में पूरी हो सकेगी। इस संबंध में महाराष्ट्र सहकारी संस्था (समिति चुनाव) नियम, 2014 के नियम 76-जी में आवश्यक संशोधन करने का निर्णय सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील (Babasaheb Patil) की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
फिलहाल 250 या उससे कम सदस्यों वाली ई-वर्ग की सहकारी आवासीय संस्थाओं के चुनाव के लिए लगभग 35 दिनों का कार्यक्रम निर्धारित है। नई व्यवस्था के तहत 50 या उससे कम सदस्यों वाली संस्थाओं के चुनाव विशेष आमसभा में कराने से यह प्रक्रिया 9 से 13 दिनों में पूरी हो सकेगी।
विशेष आमसभा में ही घोषित होगा परिणाम
प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची जारी होने के तीन दिनों के भीतर और विशेष आमसभा से कम से कम सात दिन पहले चुनाव अधिकारी को सभा की सूचना देनी होगी। चुनाव अधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली इस सभा में ही चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। परिणाम घोषित होने के दो दिनों के भीतर चुनाव अधिकारी को अपनी रिपोर्ट रजिस्ट्रार को सौंपनी होगी। इसके बाद रजिस्ट्रार को सात दिनों के भीतर प्रबंध समिति का गठन करना होगा।
चुनाव प्रक्रिया होगी आसान
सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील ने बताया कि छोटी आवासीय संस्थाओं के पदाधिकारियों और उम्मीदवारों को बार-बार एकत्र होने तथा चुनाव अधिकारियों को प्रत्येक चरण में संस्था में उपस्थित रहने से समय और खर्च बढ़ता था। इसी को देखते हुए राज्य सहकारी चुनाव प्राधिकरण ने चुनाव प्रक्रिया सरल बनाने का प्रस्ताव दिया था। बैठक में प्रधान सचिव प्रवीण दराडे (Pravin Darade), सहकार आयुक्त दीपक तावरे (Deepak Taware) और सह सचिव एवं अपर रजिस्ट्रार संतोष पाटील (Santosh Patil) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
50 या उससे कम सदस्यों वाली सोसायटियों के चुनाव विशेष आमसभा में होंगे
Article Top Ad
Article Inline Ad
Article Bottom Ad