कर्मचारियों को 3000 रुपए तक की अंतरिम राहत
मुंबई : उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में शनिवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में बेस्ट कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद बेस्ट की हड़ताल (BEST workers strike) समाप्त हो गई। बैठक में नियमित कर्मचारियों को नए वेतन समझौते तक प्रति माह 3000 रुपए और वेटलिस्ट पर कार्यरत कर्मचारियों को 2000 रुपए की मासिक अंतरिम राहत देने का निर्णय लिया गया। साथ ही, कर्मचारियों की लंबित ग्रेच्युटी का भुगतान इसी वित्त वर्ष में करने के निर्देश दिए गए। निर्णय के बाद बेस्ट कर्मचारी संयुक्त कार्रवाई समिति ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।
सह्याद्री अतिथि गृह में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (DCM Eknath Shinde) ने बेस्ट कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में यह तय किया गया कि नए वेतन समझौते के लागू होने तक नियमित कर्मचारियों को 3000 रुपए और वेटलिस्ट पर कार्यरत कर्मचारियों को 2000 रुपए प्रतिमाह अंतरिम हंगामी बढ़ोतरी दी जाएगी। सरकार ने इसे कर्मचारियों को अंतरिम राहत के रूप में मंजूरी दी है।
लंबित ग्रेच्युटी इसी वित्त वर्ष में देने के निर्देश
बैठक में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की लंबित ग्रेच्युटी की पूरी राशि का भुगतान इसी वित्त वर्ष में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और उनकी लंबित वित्तीय देनदारियों का जल्द निपटारा किया जाएगा।
बस सेवा तत्काल सामान्य करने के निर्देश
हड़ताल समाप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री ने बेस्ट प्रशासन को बस सेवा तत्काल सामान्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेस्ट मुंबई की जीवनरेखा है और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
तीन वर्षों में खरीदी जाएंगी 5000 नई बसें
बैठक में मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अगले तीन वर्षों में बेस्ट के स्वामित्व वाली 5000 नई बसें खरीदने का निर्णय भी लिया गया। इसके लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधान चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे, ताकि बेस्ट की सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा सके।
‘कायापलट’ प्रस्ताव को जल्द मिलेगी मंजूरी
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (DCM Shinde) ने कहा कि बेस्ट प्रशासन द्वारा तैयार ‘कायापलट’ प्रस्ताव को जल्द ही राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत कर मंत्रिमंडल की मंजूरी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बेस्ट को आर्थिक रूप से सक्षम और आधुनिक बनाना सरकार की प्राथमिकता है, क्योंकि यह मुंबईकरों की लाइफलाइन है।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, विधायक सचिन अहीर, विधायक मुरजी पटेल, उपमुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, प्रधान सचिव नवीन सोना, बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे, बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी तथा बेस्ट कर्मचारी संयुक्त कार्रवाई समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की, जिससे मुंबई की बस सेवा फिर से सामान्य होने का रास्ता साफ हो गया।

