3.17 लाख घरों तक पहुंचा संपर्क
कार्य में 8% वृद्धि का दावा

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर कोकण प्रांत में व्यापक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है। मंगलवार को मुंबई में आयोजित पत्रकार परिषद में प्रांत के संघचालक अर्जुन चांदेकर और प्रांत कार्यवाह विठ्ठलराव कांबले ने बताया कि आगामी समय में प्रांत भर में 3,100 से अधिक हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
बड़े पैमाने पर सम्मेलन और जनसंवाद
प्रांत कार्यवाह कांबले के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में 2,500 से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में 600 से अधिक हिंदू सम्मेलन प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद के लिए 147 स्थानों पर सद्भाव बैठकें तथा 27 स्थानों पर प्रमुख व्यक्तियों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को जोड़ने पर विशेष बल देते हुए लगभग 270 स्थानों पर युवा सम्मेलनों का आयोजन प्रस्तावित है।
संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क
पत्रकार परिषद में बताया गया कि कोकण प्रांत में संघ का कार्य निरंतर बढ़ रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष संघ कार्य में लगभग 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रांत में कुल 694 शाखाएं, 442 साप्ताहिक मिलन और 79 मासिक मिलन सक्रिय हैं। अकेले मुंबई महानगर में 258 शाखाएं संचालित हैं। हाल ही में जनवरी-फरवरी माह में चलाए गए गृह संपर्क अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला। इस अभियान के तहत 3,740 स्वयंसेवकों ने 3 लाख 17 हज़ार 679 घरों में जाकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया।
शताब्दी वर्ष में उत्साह
शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कोकण प्रांत के 386 स्थानों पर आयोजित विजयादशमी उत्सव में भी भारी जनसैलाब उमड़ा था। इसमें 43,500 गणवेशधारी स्वयंसेवकों के साथ-साथ 37,040 पुरुष और 22,709 महिलाओं ने सहभागिता की। फरवरी में सरसंघचालक जी के ‘नए क्षितिज’ कार्यक्रम में 98 विभिन्न श्रेणियों के 806 प्रबुद्ध मान्यवर शामिल हुए। संघ का शताब्दी वर्ष विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक मनाया जा रहा है। इस दौरान कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, स्वबोध और पर्यावरण संरक्षण के ‘पंच परिवर्तन’ पर विशेष बल दिया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version