मुंबई: मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश बिश्नोई गैंग के इशारे पर रची गई थी और इसके लिए शूटरों को भारी-भरकम रकम का लालच दिया गया था।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, पुलिस जांच में पता चला है कि पूरी साजिश के दौरान मुख्य आरोपी शुभम लोनकर अन्य हमलावरों के साथ सिग्नल एप (Signal App) के जरिए संपर्क में था। कॉल ट्रैकिंग और सामान्य मैसेजिंग से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। शुभम ने आगरा में बैठकर इस पूरी साजिश की फंडिंग और प्लानिंग को अंजाम दिया।
पहले दिए 50 हजार
रोहित शेट्टी के घर पर हमले के लिए बिश्नोई गैंग ने कुल 3 लाख रुपए की सुपारी तय की थी। यह रकम शूटर दीपक शर्मा, सोनू कुमार और सनी कुमार सहित अन्य आरोपियों के बीच बांटी जानी थी। साजिश को अंजाम देने के लिए 50 हजार रुपए एडवांस के तौर पर कैश में दिए गए थे। यह राशि आरोपी विष्णु कुशवाहा के जरिए शूटर दीपक तक पहुंचाई गई थी।
हरियाणा से अत्याधुनिक हथियार बरामद
​फायरिंग के बाद शूटर दीपक हथियार अपने साथ ले गया था। जांच में पता चला कि हरियाणा के झज्जर इलाके की एक फैक्ट्री में आरोपी छिपे हुए थे। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने हरियाणा जाकर कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा किया और हथियार जब्त किया। अधिकारियों के मुताबिक, हथियार उच्च गुणवत्ता का है, अंतिम पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद होगी। फिलहाल इस हथियार को बैलिस्टिक जांच के लिए कलीना स्थित फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है।
​सोशल मीडिया का ‘ग्लैमर’ और बिश्नोई
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लॉरेन्स बिश्नोई गैंग की सोशल मीडिया गतिविधियों और उनकी गुंडागर्दी वाली जीवनशैली से प्रभावित थे। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और इलाके में अपना दबदबा बनाने के चक्कर में इन युवकों ने अपराध का रास्ता चुना। “मुंबई पुलिस अब उन सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पैनी नजर रख रही है जो अपराध और गैंगस्टर्स का महिमामंडन (Glamorize) करते हैं।”
​बीजेपी नेता से ₹2 करोड़ की रंगदारी की मांग
बिश्नोई गैंग का जाल केवल बॉलीवुड तक ही सीमित नहीं है। अकोला में बीजेपी के एक बड़े नेता को भी शुभम लोनकर के नाम से धमकी मिली है। अकोट निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रकाश भारसाकळे से 2 करोड़ रुपये वसूल कर देने की मांग की गई है। मांग पूरी न होने पर बीजेपी शहराध्यक्ष और विधायक दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
कौन है शुभम लोनकर?
​शुभम लोनकर बिश्नोई गैंग का एक अहम मोहरा बनकर उभरा है। वह अकोला के नेव्होरी गांव का निवासी है और पहले भी हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। शुभम का सीधा संपर्क लॉरेन्स बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई से बताया जा रहा है। राष्ट्रवादी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, दोनों की जिम्मेदारी शुभम लोनकर ने ही ली थी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version