अमित साटम ने बनाई ‘मराठी–अमराठी’ संतुलन वाली टीम
मुंबई: भारतीय जनता पार्टी के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने गुरुवार को पार्टी की नई कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा कर दी। इस नई टीम में मुंबई के बहुभाषिक और बहु-सांस्कृतिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए मराठी और अमराठी (प्रवासी) चेहरों के बीच संतुलन बनाने की रणनीति अपनाई गई है। पार्टी ने लगभग 65 से अधिक पदाधिकारियों को नई टीम में शामिल किया है।
मराठी चेहरों को लगभग 50% प्रतिनिधित्व
नई कार्यकारिणी में करीब 50 प्रतिशत मराठी भाषी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुंबई की राजनीति में मराठी अस्मिता के मुद्दे और ठाकरे बंधुओं के “मराठी कार्ड” को देखते हुए भाजपा ने यह संतुलन साधने की कोशिश की है।
उपाध्यक्ष पद पर अभिजीत सामंत, महेश पारकर, राजश्री पलांडे और किरण शेलार को नियुक्त किया गया है। वहीं संगठन की रीढ़ माने जाने वाले महासचिव (सरचिटणीस) पद पर राजेश शिरवडकर, श्वेता परूळकर और विनोद शेलार जैसे अनुभवी मराठी नेताओं को मौका दिया गया है।
इसके अलावा सचिव पद पर संतोष मेढेकर, रुक्मिणी खरटमल और प्रतीक कर्पे जैसे कार्यकर्ताओं को शामिल कर स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है।
उत्तर भारतीय और अन्य समुदायों को भी बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई के उत्तर भारतीय मतदाताओं को साधने के लिए भी पार्टी ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
अमरजीत मिश्रा और पंकज यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आचार्य पवन त्रिपाठी को महासचिव और दीपक सिंह को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रवक्ताओं और कार्यकारिणी सदस्यों में भी कई उत्तर भारतीय चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें उदय प्रताप सिंह, अजय सिंह, सुमिता सुमन सिंह, राहुल दीनानाथ तिवारी, योगेश दुबे, विवेकानंद गुप्ता, गणेश पांडे और अखिलेश सिंह जैसे नाम शामिल हैं।
विभिन्न सेल और आघाड़ियों के जरिए ‘सोशल इंजीनियरिंग’
भाजपा ने समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पहुंच बनाने के लिए अलग-अलग सेल और आघाड़ियों की भी घोषणा की है।
मराठी प्रभाव वाले पद:
कोंकण आघाडी – सुहास आडिवरेकर
पश्चिम महाराष्ट्र आघाडी – पांडुरंग थोरात
मच्छीमार सेल – निकेश वैती
कामगार आघाडी – अभिजित राणे
अन्य समुदायों के लिए जिम्मेदारी:
उत्तर भारतीय मोर्चा – प्रमोद मिश्रा
गुजराती सेल – बिमल भूता
बिहार प्रकोष्ठ – मनोज झा
उत्तराखंड सेल – महेंद्र सिंह गोसाई
सिंधी सेल – रोहित भगनारी
धारावी के दीपक सिंह को युवा मोर्चा की कमान
भाजपा ने धारावी के युवा नेता दीपक सिंह को मुंबई भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। एमबीए शिक्षित दीपक सिंह पहले युवा मोर्चा में महामंत्री रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को धारावी जैसे क्षेत्रों में पार्टी के विस्तार और युवा वोट बैंक को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
अमरजीत मिश्रा का प्रभाव कायम
वरिष्ठ उत्तर भारतीय नेता अमरजीत मिश्रा को एक बार फिर पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वे 1990 के दशक से भाजपा से जुड़े हुए हैं और पहले भी दो बार महामंत्री रह चुके हैं। मिश्रा ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अमित साटम और आशीष शेलार का आभार व्यक्त किया।
आगामी चुनावों पर नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुंबई भाजपा की यह नई टीम आगामी लोकसभा, विधानसभा और महानगर की राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। मराठी और अमराठी मतदाताओं के बीच संतुलन बनाकर भाजपा मुंबई में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

