ठाणे. मुंबई से सटे ठाणे जिले के बदलापुर में एक कैब के अंदर महिला और चालक का शव मिलने के बाद हत्या और खुदकुशी की गुत्थी ने पुलिस की जांच को उलझा दिया है। प्रारंभिक जांच में महिला की चाकू मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, वहीं चालक की मौत आत्महत्या है या उसकी भी हत्या की गई है, इस रहस्य से पर्दा उठाना अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है
यह सनसनीखेज घटना अंबरनाथ और बदलापुर तालुका की सीमा पर स्थित जुवेली गांव इलाके में दोपहर के समय सामने आई। एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार में महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना पर बदलापुर पूर्व पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत महिला की पहचान जुवेली गांव निवासी भोसले के रूप में हुई है, जबकि मृत चालक की पहचान गणेश शिंदे (निवासी घाटकोपर, मुंबई) के रूप में की गई है। महिला का परिवार पिछले दो वर्षों से इस इलाके में रह रहा था।
महिला के बेटे ने चालक पर लगाए हत्या के आरोप
पुलिस को दिए बयान में मृत महिला के बेटे ने दावा किया है कि ओला कैब चालक गणेश शिंदे ने उसकी मां की चाकू मारकर हत्या की थी। बेटे को इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा है। पुलिस इस बयान के आधार पर भी आगे की जांच कर रही है।
चालक की मौत बनी रहस्य
उल्हासनगर परिमंडल-4 के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला की हत्या चालक द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि चालक ने महिला की हत्या के बाद खुद को चाकू मारकर जान दी या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी हत्या की, इस संबंध में जांच जारी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रेम संबंध के एंगल पर भी जांच
घटना के पीछे प्रेम संबंध या किसी अन्य व्यक्तिगत विवाद की संभावना को भी पुलिस पूरी तरह से नकार नहीं रही है। हालांकि शुरुआती जांच में इस तरह की कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। मृत चालक और महिला के बीच क्या संबंध थे, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने दी थी सूचना
स्थानीय ग्रामीणों ने कैब में दोनों के शव देखकर तत्काल पुलिस को जानकारी दी थी। ग्रामीणों के मुताबिक महिला जुवेली गांव की निवासी थी, जबकि चालक बाहरी व्यक्ति था। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
