मुंबई. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को दो दिवसीय दौरे पर मुंबई आए थे. सोमवार को वापस दिल्ली लौटने से पहले उन्होंने ने मुंबई में कई कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. इस दौरान शाह ने दक्षिण मुंबई स्थित चर्चगेट क्षेत्र में महाराष्ट्र बीजेपी के नए कार्यालय शिलान्यास किया. इसके उपरांत उन्होंने राज्य के भाजपाइयों से मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) सहित राज्य के स्थानीय निकाय के चुनावों में विरोधियों का सुपड़ा साफ करने का आव्हान किया. शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को तीसरी बार जीत मिली है. तो वहीं विधान सभा चुनावों में बीजेपी ने राज्य में ऐतिहासिक जीत दर्ज की लेकिन इस डबल इंजन के बाद भी उन्हें संतुष्टि नहीं मिली है? उन्हें राज्य में ट्रिपल इंजन चाहिए अर्थात बीएमसी और अन्य निकाय चुनावों में विरोधियों का सफाया करना होगा. इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत झोंकने का आव्हान किया. ताकि विपक्ष पूरे राज्य में कहीं नजर न आए.
अमित शाह ने बीजेपी में आंतरिक लोकतंत्र होने का दावा करते हुए कहा कि हमारी पार्टी पार्टी कार्यकर्ताओं की कार्यकुशलता से चलती है. उन्होंने अपना उदाहरण देकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि मैंने बूथ अध्यक्ष के रूप में शुरुआत की थी. मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना. बीजेपी में एक कार्यकर्ता को राजनीतिक प्रदर्शन के आधार पर पद मिलता है. नरेंद्र मोदी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनसंदेश का मंत्र देते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय सेवा और जनकल्याण के प्रतीक हैं. भाजपा के नेताओं का जन्म इन्हीं कार्यालयों से होता है. हमारे लिए ये कार्यालय मंदिर हैं.
विपक्ष के वंशवाद पर हमला
अमित शाह ने अपने संबोधन के दौरान बीजेपी की सराहना की तो वहीं विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस और शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) तथा एनसीपी शरदचंद्र पवार पार्टी के वंशवाद पर उन्होंने जोरदार हमला बोला. उन्होंने ठाकरे बंधुओं सहित पूरे विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. खासकर राज्य में ठाकरे बंधुओं की भाई-भतीजावाद की राजनीति पर परोक्ष रूप से प्रहार करते हुए शाह ने कहा कि अब इस देश में भाई-भतीजावाद की राजनीति नहीं चलेगी. देश का नेतृत्व प्रदर्शन से तय होगा. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने दिखा दिया है कि एक गरीब परिवार में पैदा हुआ एक चाय बेचने वाला तीन बार देश का प्रधानमंत्री बन सकता है. बीजेपी में केवल वही लोग बड़े नेता बन सकते हैं, जो पार्टी के सिद्धांतों पर चलते हैं और प्रदर्शन करने की ताकत रखते हैं. देश का नेतृत्व प्रदर्शन से तय होगा.
उद्धव पर वादा खिलाफी का आरोप
शाह ने कहा कि हमने सम्मानजनक सीट बंटवारे की मांग की थी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ और गठबंधन टूट गया. लंबे समय के बाद, हमने महाराष्ट्र में स्वतंत्र चुनाव लड़ा और महाराष्ट्र में पहला भाजपा मुख्यमंत्री मिला. उसके बाद, देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एनडीए ने लगातार 3 साल महाराष्ट्र में जीत हासिल की.
शत प्रतिशत भाजपा का दिया मंत्र
अमित शाह ने याद दिलाते एक समय में भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र में चौथे नंबर की बड़ी पार्टी थी. लेकिन अब भाजपा महाराष्ट्र में नंबर वन पार्टी बन गई है, आज हम नए भाजपा कार्यालय का शिलान्यास कर रहे हैं, लेकिन जिला मुख्यालय का काम लंबित है. इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को दिसंबर 2026 तक राज्य के हर जिले में भाजपा कार्यालय बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि हम शत-प्रतिशत भाजपा की ओर बढ़ रहे हैं. इसके लिए कई बड़े नेताओं ने अपना जीवन पार्टी और देश की सेवा के लिए समर्पित किया है. उनके काम के परिणामस्वरूप, भाजपा पूरे देश में पहुंच गई है.
सहयोगियों को भी सख्त संदेश
कार्यक्रम में अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की सराहना की. लेकिन इस दौरान उन्होंने महायुति सरकार में शामिल उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार को भी सख्त संकेत देते हुए कहा कि बीजेपी को अब राज्य में बैसाखियों की जरूरत नहीं है. शाह ने कहा कि बीजेपी कभी महाराष्ट्र में चौथे नंबर की पार्टी हुआ करती थी लेकिन वह अब नंबर एक की पार्टी बन गई है. बीजेपी को अब राज्य में किसी के सहारे की जरूरत नहीं है. आज भारतीय राजनीति में बीजेपी का एक अमिट स्थान है, वैसी ही स्थिति महाराष्ट्र में भी बीजेपी के लिए बन गई है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version