मुंबई. मानसून से पहले मुंबई में नाला सफाई की डेडलाइन रविवार को खत्म हो गई. लेकिन बांद्रा-पूर्व स्थित चमड़ावाड़ी नाले की सफाई का काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है. इससे नाले के आसपास क्षेत्र की बस्तियों में डर का माहौल है.
बांद्रा पूर्व स्थित शांतिलाल कंपाउंड से शुरू होनेवाला चमड़ावाड़ी नाला, खेरवाड़ी, संजय गांधी नगर, बांद्रा-पूर्व रेलवे कॉलोनी, बेहराम पाड़ा होते हुए माहिम क्षेत्र से गुजरनेवाली मीठी नदी में मिलता है. इस नाले में बांद्रा-पूर्व की नाले के आस पास स्थित बस्तियों के छोटे नालों के अलावां बांद्रा टर्मिनस बामी रेलवे यार्ड एवं बांद्रा-खार पश्चिम क्षेत्र के भी कई नालों का पानी आकर बहता है. यही वजह है कि यह नाला मानसून के दौरान बांद्रा-पूर्व के साथ-साथ खासतौर पर बांद्रा-पश्चिम स्थित गेईटी रेलवे कॉलोनी एवं एसवी रोड पर जल जमाव का कारण बनता रहा है.
वर्षों से लंबित नाले के विस्तार का काम
मानसून के दौरान बांद्रा-खार (पश्चिम) स्थित लिंकिंग रोड पर बार-बार होने वाले जल जमाव की समस्या के समाधान के लिए विधायक आशीष शेलार ने नाले के विस्तारीकरण के लिए लंबे समय तक मनपा पर दबाव बनाया था, जिसके उपरांत वर्ष 2017 में नाले के विस्तारीकरण का काम शुरू किया गया था. इस दौरान नाले के आसपास बने सैकड़ों झोपड़ों को तोड़ा भी गया था. लेकिन मनपा प्रशासन की सुस्त चाल के कारण नाले के विस्तारीकरण का काम पूरा नहीं हो सका. इतना ही नहीं एच-पूर्व मनपा विभाग की उदासीनता के कारण नाले के पास से तोड़े गए झोपड़े भी फिर से बना लिए गए हैं और अब यही झोपड़े नाले की सफाई में रोड़ा बन रहे हैं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version