सातारा में लाभार्थी मेले और राज्यस्तरीय पुरस्कार समारोह का आयोजन
मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सातारा में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लाभार्थी मेले’ तथा ‘महाआवास अभियान राज्यस्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह’ में मुख्य उपस्थिति दर्ज कराई. इस अवसर पर दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर पाने वाले छह लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से घरों की चाबियाँ वितरित कीं. साथ ही, महाआवास अभियान 2023-24 को सफल बनाने के लिए विभाग, जिला, तालुका और ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को राज्यस्तरीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
महाराष्ट्र को मिला 30 लाख घरों का उच्चांकी लक्ष्य
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र को एक वर्ष में 30 लाख घरों का लक्ष्य मिला है, जो देश में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. घरों के निर्माण के लिए आज राज्य को 9 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं. 30 लाख घरों के लक्ष्य की तुलना में राज्य अत्यधिक गति से काम करते हुए 5 लाख लाभार्थियों को घरों की चाबियाँ सौंप रहा है. उन्होंने कहा कि अगले वर्ष 15 लाख लोगों को चाबियाँ दी जाएंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सभी को पक्के घर’ के सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात काम करके आने वाले पांच वर्षों में महाराष्ट्र के हर बेघर को पक्का घर दिया जाएगा.
बेघरों के लिए सरकार की कल्याणकारी पहलें
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दस वर्षों में महाराष्ट्र को 13 लाख घर मिले थे, लेकिन पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने राज्य को 30 लाख घरों का लक्ष्य देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया. इससे सवा करोड़ लोगों को पक्की छत मिलेगी. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर पाने वाले प्रत्येक लाभार्थी को सौर ऊर्जा के लिए अनुदान दिया जा रहा है. जिन लाभार्थियों के पास स्वयं की जमीन नहीं है, उन्हें घर बनाने के लिए जमीन खरीदने हेतु सरकार एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है. कई सरकारी जमीनों पर से आरक्षण हटाकर बेघरों के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है. केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान में राज्य सरकार ने 50 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि जोड़ी है. जिन बेघरों की सूची में शामिल नहीं किया गया था, उन्हें शामिल करने के लिए पोर्टल फिर से खोल दिया गया है, जिससे उन्हें भी घर देने का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
किसानों के मुद्दों पर उठाए गए महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि 30 जून से पहले किसानों को कर्जमाफी दी जाएगी और नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को प्रोत्साहन अनुदान भी दिया जाएगा. केंद्रीय कृषि मंत्री के सहयोग से आज से 12.35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की खरीद शुरू कर दी गई है, जिससे प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत मिलेगी. आने वाले सप्ताह में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री के साथ बैठक करके चीनी उद्योग और गन्ना उत्पादक किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा की जाएगी. चीनी के न्यूनतम विक्रय मूल्य (एमएसपी) के संबंध में भी केंद्र सरकार से सकारात्मक पहल की जा रही है.
महिला सशक्तिकरण और देशहित की अपील
मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में दो वर्षों में 50 लाख लाडकी बहनें लखपति बन चुकी हैं. अब एक करोड़ बहनों को लखपति बनाने का लक्ष्य है, जिससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी. उन्होंने ग्रामीण सड़कों के लिए केंद्र सरकार द्वारा 123 करोड़ रुपये का निधि उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी. देश संकट में होने पर प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने अपील की कि विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्राओं से बचें तथा ईंधन के उपयोग में कमी लाएं. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 12.35 रुपये प्रति किलो से प्याज खरीद का निर्णय लेकर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की. कार्यक्रम में मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, जयकुमार गोरे, शंभूराज देसाई, सांसद श्रीमंत छत्रपति उदयनराजे भोसले, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version