मुंबई: रसोई गैस की कथित कमी के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों के मद्देनजर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांताक्रुज-पूर्व के वाकोला स्थित पाठक कॉलेज के पास जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर मध्य मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष अरशद आजमी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
खाली सिलेंडर लेकर किया प्रतीकात्मक प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता खाली गैस सिलेंडर और रसोई से जुड़े सामान लेकर सड़क पर उतरे। उनका कहना था कि गैस की आपूर्ति में बाधा आने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। इस प्रदर्शन में मुंबई कांग्रेस के महासचिव अजमत खान, महिला जिला अध्यक्ष एड. शेरोन मेलिसिया डिसूजा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष निखिल रूपारेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
ईरान से गैस आयात बंद करने पर उठाए सवाल
अरशद आजमी ने कहा कि भारत अपनी करीब 55 प्रतिशत एलपीजी जरूरत आयात से पूरी करता है। उनका आरोप है कि पहले ईरान से बड़ी मात्रा में गैस आयात होती थी, जिस पर ट्रांसपोर्टेशन चार्ज और सरचार्ज नहीं लगता था। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 के बाद ईरान से एलपीजी खरीद बंद कर दी गई और अब अमेरिका से गैस आयात की जा रही है, जिस पर अधिक कर देना पड़ता है।
होटल और घरों पर असर का दावा
आजमी ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। उनके अनुसार मुंबई के कई होटल और रेस्तरां प्रभावित हुए हैं और कई जगह लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुकिंग के बाद भी लोगों को तय समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा।
मोदी सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान आजमी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गैस संकट के मुद्दे पर सरकार को तुरंत समाधान निकालना चाहिए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
