जैकेट में छिपाया था 5.75 किलो सोना : कस्टम ने एयरपोर्ट पर दबोचा

मुंबई. छत्रपति शिवाजी महाराज इंटर नेशनल एयरपोर्ट पर ड्रग्स और सोने की तस्करी थमने का नाम ही नहीं ले रही है. कस्टम विभाग ने यहां एक बार फिर से दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया और 5.75 किलो सोना बरामद किया है. ये सोना जैकेट में छिपाकर लाया गया था. इसकी कीमत अंतर राष्ट्रीय बाजार में 5.10 करोड़ रुपए आंकी गई है. हैरानी की बात यह है कि दोनों आरोपी एयरपोर्ट कर्मचारी निकले.
ज़ोन-III के कस्टम अधिकारियों ने तस्करी के पहले मामले में कर्मचारी प्रस्थान क्षेत्र पार करने का प्रयास कर रहे एक लाउंजकर्मी को संदेह के आधार पर रोका था. उसके अंदरूनी कपड़ों से 2800 ग्राम (कुल वजन 2947 ग्राम) वजन के “मोम में सोने की धूल” वाले 06 पाउच बरामद किए गए, जिनकी कीमत 2.48 करोड़ रुपए आंकी गई.
इसी तरह दूसरे मामले में, “अनुबंध के आधार पर काम करने वाले एक व्यक्ति को तब रोका गया जब वह प्रस्थान क्षेत्र में कर्मचारी निकास बिंदु को पार कर रहा था और उसके द्वारा पहने गए जैकेट की जेब से 2950 ग्राम (कुल वजन 3073 ग्राम) वजन के “मोम में सोने की धूल” वाले 06 पाउच बरामद किए गए, जिनकी कीमत 2.62 करोड़ रुपए आंकी गई. दोनों मामलों में आरोपियों को सोना ट्रांज़िट यात्रियों ने दिया था.
डीआरआई को भी मिली कामयाबी
शनिवार को एक अन्य मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुंबई में एक पुरुष यात्री (चाडियन नागरिक) को रोका, जो कि शुक्रवार 16 मई, 2025 को अदीस अबाबा से आया था. तलाशी के दौरान, अधिकारियों ने उसकी चप्पलों की एड़ियों में चतुराई से छिपाई गई सोने की छड़ें बरामद कीं. जब्त किए गए सोने का कुल वजन 4015 ग्राम था, जिसकी कीमत लगभग 3.86 करोड़ रुपए आंकी गई है. अपने स्वैच्छिक बयान में, यात्री ने सीमा शुल्क से बचने के लिए सोना छिपाने की बात स्वीकार की. अधिकारियों ने कहा कि DRI ने तस्करी का सोना जब्त कर लिया और व्यक्ति को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया.आगे की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *