मुंबई. दहिसर- पूर्व के शांति नगर स्थित एक 23 मंजिलों वाली अट्टालिका (इमारत) में रविवार की शाम अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. इस दौरान धुएं में दम घुटने से एक 58 वर्षीया महिला की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, दहिसर-पूर्व के शांति नगर स्थित न्यू जनकल्याण सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर दोपहर करीब 3.05 बजे के करीब आग लग गई. आग लगने के बाद इमारत में धुआं फैल गया. इससे बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. लेकिन इमारत के भूतल से चौथी मंजिल तक बिजली के तारों, केबल, बेसमेंट के कॉमन बिजली मीटर केबिन तक फैली आग को नियंत्रित करने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 36 लोगों को बाहर निकाला. इनमें से 19 लोगों को पास के अस्पतालों में भेजा गया. आग पर शाम 6.10 बजे तक काबू पा लिया गया.

बीएमसी के अनुसार नजदीकी निजी रोहित अस्पताल में 7 लोगों को भर्ती कराया गया. इनमें से एक महिला की मौत हो गई. एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पांच अन्य की हालत स्थिर है. नॉर्दर्न केयर अस्पताल में 10 लोगों को भर्ती कराया गया है. प्रगति अस्पताल में एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया है. कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की हालात भी गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल दमकल विभाग एवं स्थानीय पुलिस आग लगने का कारणों का पता लगाने के प्रयासों में लगे हैं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version