मुंबई : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा शुरू किए गए टैलेंट हंट अभियान को पूरे राज्य से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। टैलेंट हंट अभियान के अंतर्गत पंजीकरण के बाद रविवार विभागवार प्रत्यक्ष साक्षात्कार आयोजित किए गए। राज्य के सभी विभागों में ये साक्षात्कार लिए गए। इस अभियान के माध्यम से पार्टी प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर जैसे पदों के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली लोगों को कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के कार्य में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
विशेषज्ञों के लिए खास मौका
कांग्रेस पार्टी के लिए काम करने की इच्छा रखने वाले विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को कांग्रेस पार्टी एक मंच उपलब्ध कराएगी। इसी उद्देश्य से देशभर में यह प्रतिभा खोज (टैलेंट हंट) अभियान शुरू किया गया है। कोंकण विभाग से 80 इच्छुक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। अभियान के तहत फरवरी महीने में ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए थे। इसके बाद इन आवेदनों की जांच-पड़ताल कर आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकारों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की समिति ने प्रत्यक्ष साक्षात्कार लिए। इन्हीं में से अंतिम चयन किया जाएगा।

कोंकण विभाग के साक्षात्कार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय तिलक भवन में संपन्न हुए। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व मंत्री नसीम खान, पूर्व विधायक मुजफ्फर हुसैन, प्रदेश कांग्रेस की महासचिव श्रद्धा ठाकुर, वरिष्ठ पत्रकार विनोद राऊत, कांग्रेस पार्टी के मीडिया समन्वयक श्रीनिवास बिक्कड और नामदेव चव्हाण सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version