मुंबई: महाराष्ट्र में नागरिकों के स्वास्थ्य से समझौता न करने की नीति पर चलते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में व्यापक अभियान चलाकर प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों, मिलावटी खाद्य सामग्री और नियमों का उल्लंघन करने वाली संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। 25 मई से 31 मई 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 203 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 1.58 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का माल जब्त किया गया, 102 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 86 प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
गुटखा और पान मसाला कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर मुंबई, कोंकण, पुणे, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती और नागपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान 130 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 103 स्थानों पर प्रतिबंधित उत्पाद पाए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 34.05 लाख रुपए मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया। साथ ही 72 एफआईआर दर्ज कर 102 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 86 प्रतिष्ठानों को सील किया गया और 9 वाहनों को भी जब्त किया गया।
कोंकण और मुंबई में सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान कोंकण क्षेत्र में 47 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुंबई में 22 स्थानों पर छापेमारी कर 23 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुणे में 14, नासिक में 5, छत्रपति संभाजीनगर में 8, अमरावती में 5 और नागपुर में 2 मामलों में कार्रवाई की गई। एफडीए ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं।
मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर भी चला डंडा
“सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र” अभियान के तहत एफडीए ने राज्य के विभिन्न जिलों में मिलावटी, निम्न गुणवत्ता वाले और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, कोल्हापुर, सांगली, सातारा, नासिक, बीड, जालना, नांदेड़, परभणी, सोलापुर, अमरावती, अकोला, जलगांव और रायगढ़ समेत कई जिलों में छापेमारी की गई। इस दौरान 73 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और आम, बूंदी लड्डू, खोवा, बेकरी उत्पाद, कैंडी, दूध एवं दुग्धजन्य पदार्थ, खाद्य तेल, घी, खजूर, आइसक्रीम, कुल्फी, फ्रोजन डेजर्ट, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों के लगभग 90,639 किलोग्राम स्टॉक को जब्त किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1.24 करोड़ रुपए से अधिक बताया गया है।
प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए नमूने
एफडीए अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर उन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

